mp news: केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताई नाराजगी और जांच के निर्देश देते हुए दिव्यांग को दिलाई दूसरी ट्राइसाइकिल।
mp news: मध्यप्रदेश में सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले उपकरणों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। मामला गुना जिले का है जहां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथों दिव्यांग को खुशियां बांटने के कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कार्यक्रम में विभाग द्वारा वितरित की गई ट्राइसाइकिलें इतनी घटिया गुणवत्ता की निकलीं की मात्र 500 मीटर का सफर भी तय नहीं कर सकीं और जो दिव्यांग ट्राइसाइकिल मिलने से खुश था उसकी खुशियां परेशानी में तब्दील हो गईं।
पुरानी छावनी निवासी दिव्यांग रामरतन ओझा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से ट्राइसाइकिल की गुहार लगाई थी। सिंधिया ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल विभाग को निर्देश दिए और स्वयं अपने हाथों से दिव्यांग बुजुर्ग रामरतन ओझा को ट्राइसाइकिल सौंपी। सांसद के हाथों मिली ट्राइसाइकिल को लेकर उम्मीदों के साथ सर्किट हाउस से रामरतन घर जाने के लिए निकले। लेकिन महज 500 मीटर दूर हनुमान चौराहे तक भी नहीं पहुंच पाए थे कि ट्राइसाइकिल का पहिया रिम समेत टेढ़ा होकर बाहर निकल गया। ट्राइसाइकिल का पहिया बीच सड़क पर टेढ़ा होकर निकलने के बाद बेबस बुजुर्ग रामरतन को घिसटते और परेशान होते देख लोग हैरान रह गए। ऐसी तीन से चार ट्राइसाइकिलें खराब हालत में पाई गई हैं।
घटिया गुणवत्ता की ट्राइसाइकिल का मामला जब केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक पहुंचा तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की और जांच के निर्देश दिए। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मामले को गंभीरता से तो लिया ही साथ ही दिव्यांगों का दर्द भी समझा और तुरंत बुजुर्ग रामरतन को दूसरी ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा कार्यक्रम में बांटे गए सभी उपकरणों की गुणवत्ता की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
विभाग की किरकिरी और मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी जताने के बाद जब मामले ने तूल पकड़ा तो सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने अपनी गर्दन बचाने के लिए झूठ का सहारा लेना शुरू कर दिया। महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी अब्दुल गफ्फार खान ने कहा कि किसी वाहन ने टक्कर मारी होगी, इसलिए पहिया टेढ़ा हुआ है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शी दुकानदारों का कहना है कि उनके सामने ही चलते-चलते घटिया क्वालिटी का पहिया मुड़ गया। किसी भी वाहन ने उसे टक्कर नहीं मारी थी।