
गुना/कुंभराज नगर में मंगलवार रात 8 बजे किराना व्यापारी श्याम सुंदर लोया (माहेश्वारी) की आंख में मिर्ची डालकर लूटने का प्रयास हुआ है। वह अपनी दुकान को बंद कर रोजाना की तरह अपने घर जा रहे थे। तभी गुरु महाराज मंदिर के पास एक गली में इनकी आंखों में मिर्ची डालकर उनके हाथ से नोटों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। करीब पांच मिनट तक व्यापारी और बदमाश के बीच खींचतान चली। इसी बीच व्यापारी ने चीख पुकार की तो मोहल्ले के कुछ लोग सामने तो आए, लेकिन बदमाश को दबोचने में नाकामयाब रहे। इस घटना से नगर में सनसनी फैल गई। लोग दहशत में आकर असुरक्षित महसूस करने लगे।
व्यापारी वार्ड 13 के पार्षद एवं पूर्व नपाध्यक्ष भगवान माहेश्वरी के भाई हैं। ऐसे में लोगों का मानना है कि जब जनप्रतिनिधि या उनके परिजन ही सुरक्षित नहीं है तो साधारण जनता की क्या सुरक्षा होगी है। पत्रिका ने नगर एवं क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर एसपी निमिष अग्रवाल से भी बात की थी। जिसमें हाईवे, खटकिया, एबी रोड से लेकर राजस्थान की सीमा तक विभिन्न अपराधों की घटनाएं सामने आती हैं।
बढ़ते अपराधों को लेकर एसडीओपी अलीम खान से बात की गई तो उन्होंने मुंगावली के उपचुनाव में ड्यूटी करने की बात की। २४ फरवरी के बाद पुलस के साथ जन प्रतिनिधि, नगरवासियों के साथ बैठक कर चर्चा करने का आश्वासन दिया है। नगर निरीक्षक का पद भरने के लिए लगातार मुद्दा उठाया, पुलिस का कम स्टाफ काम ज्यादा होना भी माना। टीआई आरएस राव के निधन के एक वर्ष बाद भी नगर निरीक्षक की पद स्थापना नहीं हो सकी है।
विवाद में युवती को कोतवाली में पीटा
श्रीराम कॉलोनी में कचरे को लेकर दो परिवारों में विवाद हो गया, इसके चलते दोनों परिवार की महिलाएं शिकायत करने कोतवाली पहुंची, वहां पुन: विवाद हुआ और एक युवती की कोतवाली में पिटाई कर दी। मामले के सामने आने के बाद कोतवाली ने पिटाई करने वाली महिला को घर से बुलवाया।
पेड़ की गिरी डाल, पांच बच्चे घायल
इधर, राघौगढ़ थानांतर्गत चैनपुरा गांव में एक इमली के पेड़ की डाल गिरने से पांच बच्चे घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस गांव के बच्चे इमली खाने के लिए एकत्रित होकर उक्त पेड़ के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच उक्त पेड़ की डाली अचानक टूट गई जिसकी चपेट में 5 बच्चे आ गए, जिनको पहले स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रैफर किया गया।