
गुना. पति-पत्नी और वो का नाम सुनते ही जहन में घरेलू कलह और पति-पत्नी के बीच झगड़े आ जाते हैं लेकिन गुना में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे अगल रीयल लाइफ की फिल्मी कहानी कहा जाए तो गलत नहीं होगा। दरअसल यहां एक पत्नी ने ही अपने पति की शादी उसकी प्रेमिका से करा दी। इतना ही नहीं अब तीनों खुशी-खुशी एक ही घर में रह रहे हैं।
अस्पताल से लापता हुई थी युवती
मामला गुना जिले के बजरंगगढ़ इलाके का है जहां रहने वाली एक महिला ने 7 अप्रैल को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 18 साल की बेटी गुमशुदा है। महिला के मुताबिक वो बेटी का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल लाई थी जहां तीन दिन से बेटी भर्ती थी लेकिन 6 अप्रैल को वो अचानक बेटी अस्पताल से गायब हो गई। पहले तो बेटी को उसने नाते-रिश्तेदारों के यहां ढूंढा लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंची।
प्रेमिका से कराई पति की शादी
पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु की तो तकनीकी संसाधनों की मदद से पता चला कि युवती अशोकनगर जिले के शाढ़ोरा में है। पुलिस वहां पहुंची और युवती को अपने साथ लेकर गुना आई जहां युवती के परिजन को भी बुलाया गया। जहां परिजन के सामने युवती ने बताया कि उसने अपने प्रेमी से शादी कर ली है और वो परिवारवालों के साथ नहीं बल्कि पति के साथ ही रहना चाहती है। हैरानी की बात ये है कि जिस युवक से युवती ने शादी की थी वो पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी की भी पति की दूसरी शादी में पूरी रजामंदी थी। पति की प्रेमिका से शादी कराने के बाद पहली पत्नी दोनों के साथ खुशी-खुशी रह रही थी। क्योंकि लड़की बालिग थी इसलिए पुलिस ने उसे प्रेमी के साथ जाने दिया।
देखें वीडियो- कैलाश विजयवर्गीय ने लड़कियों से कहा- 'अच्छे कपड़े पहनो शूर्पणखा दिखती हो'