
गुना/झागर. जिले में बुधवार को शुरू हुआ तेज बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। अंचल में भारी बारिश से नदी, नालों व तालाबों में पानी आ गया। चार घंटे की लगातार बारिश ने झागर में बाढ़ से हालात निर्मित कर दिए और नदी उफान पर आ गई। ढोंगापुरा बस्ती में घरों में पानी भर गया।
गुरुवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। दोपहर में करीब एक घंटे तेज बारिश हुई। अंचल को भी बारिश ने भिगो दिया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह 8.30 से गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक जिले में 67.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
हालांकि ये बारिश बुधवार को सुबह 10 बजे से 1.30 बजे के बीच ही हुई थी। इसके बाद बारिश नहीं हुई। गुरुवार को सुबह फिर बारिश शुरू हुई और सुबह 8.30 बजे से 5.30 बजे तक कुल 6.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। जोरदार बारिश से जिले के सूखे पड़े नदी, नालों व तालाबों में पानी आ गया। शहर के सिंगवासा तालाब व भुजरिया तालाब सहित सिंध नदी में भी जल की धारा बह निकली। खेतों को पानी मिलने से फसलों को नया जीवन मिला और किसानों के चेहरे पर छाई मायूसी राहत की खुशी में बदल गई।
दो दिन में 10 डिग्री तक गिरा पारा
बारिश ने गर्मी व उमस से भी राहत दिलाई और मौसम में ठंडक घुल गई। दो दिन में पारा 10 डिग्री नीचे गिर गया है। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री था, वहीं गुरूवार को यह लगभग 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान इससे महज 3 डिग्री कम यानी 24.6 सेल्सियस दर्ज किया गया।
पुल पर आया पानी, जयपुर मार्ग रुका
बमोरी ब्लॉक में झागर नदी का जल स्तर बढऩे से पानी पुल पर आ गया। यह मार्ग गुना से कोटा होते हुए जयपुर को जोड़ता है। इस पर पानी आने से जिला मुख्यालय का संपर्क भी कट गया। ग्राम परवाह की पुलिया पर भी पानी आ गया।
सुठालिया मार्ग बंद
उधर, मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में पार्वती पुल पर पानी आ जाने से सुठालिया तक का संपर्क टूट गया है।
नाला न बनने से बस्ती में बाढ़
ग्राम पंचायत झागर की ढोंगापुरा बस्ती में पानी भर गया। 200 घरों की इस बस्ती के 50 प्रतिशत घरों में पानी भरा। करीब दो साल पहले विधायक महेन्द्रसिंह सिसौदिया ने ढोंगापुरा बस्ती की पुलिया का भूमि पूजन किया था।, लेकिन आज तक पुलिया का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। जिसके कारण तेज बारिश में यहां बाढ़ जैसे हालात बन गए। बारिश रुकने के बाद लोग घंटों तक पानी निकालते रहे।