गुवाहाटी

Assam Cachar factory blast: कछार में रॉड बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण धमाका, 4 मजदूरों की मौत; कई घायल

Assam Cachar factory blast news: उधारबंद के पंग्राम स्थित रॉड बनाने वाली फैक्ट्री में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण धमाका। 4 मजदूरों की मौत और कई गंभीर रूप से घायल। पुलिस और रेस्क्यू टीम राहत कार्य में जुटी।
2 min read
Jul 26, 2026
Assam Cachar factory blast
कछार में रॉड बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण धमाका, 4 मजदूरों की मौत; ( Photo enhance by AI )

Cachar Udarbond factory explosion: असम के कछार जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दरअसल, रविवार सुबह एक रॉड मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा उधारबंद पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले पंग्राम इलाके में स्थित 'काडे ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एलएलपी' फैक्ट्री में सुबह लगभग 11:30 बजे हुआ।

स्थानीय अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना भयानक था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई और फैक्ट्री परिसर का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा गैस सिलेंडर में हुए ब्लास्ट के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

पुलिस के अनुसार यह धमाका उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के पंग्राम स्थित केडी रोड इंडस्ट्रीज में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोट इतना भीषण था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SMCH) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री के मुख्य प्रवेश द्वार को सील कर दिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) समेत पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मृतकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में एलपीजी सिलेंडर फटने को विस्फोट की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो हादसे की वजह नहीं बनी। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

Updated on:
26 Jul 2026 05:37 pm
Published on:
26 Jul 2026 03:59 pm
Also Read
View All