
Assam Police Firing: असम के डुलियाजान में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस को उस समय गोली चलानी पड़ी, जब हथियार बरामद कराने के लिए ले जाए गए दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस की फायरिंग में राजू दास और अमीर दास के पैरों में गोली लगी। वहीं, इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना डिब्रूगढ़ जिले के बालिजान टी एस्टेट इलाके की है।
पुलिस दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश में लेकर पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों ने जवानों पर हमला कर भागने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने चार राउंड फायरिंग की। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल राजू और अमीर को इलाज के लिए डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घायल पुलिसकर्मी मनोज लाहोन और नितुल सैकिया का इलाज डुलियाजान के ऑयल अस्पताल में कराया गया।
पुलिस टीम आरोपियों को उस जगह लेकर गई थी, जहां हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा छिपाए जाने की आशंका थी। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला किया और भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद अस्पताल में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई।
यह मामला 16 नवंबर को डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में सामने आया था। यहां रिटायर्ड ऑयल इंडिया अधिकारी चंद्रकांता भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा और बेटी निहारिका के शव घर में मिले थे। तीनों की हथौड़े से हत्या की गई थी।
पुलिस ने इस मामले में 17 नवंबर को राजू दास और अमीर दास को सिमलुगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया था। जांच के मुताबिक, राजू करीब सात साल से इस परिवार के मकान में किराए पर रह रहा था। ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में करीब चार लाख रुपए गंवाने के बाद उस पर कर्ज हो गया था।
पुलिस का आरोप है कि इसी कर्ज से छुटकारा पाने के लिए राजू ने घर में लूट की योजना बनाई और अपने साथी अमीर को भी इसमें शामिल कर लिया। इसके बाद दोनों ने परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी। अब पुलिस इस मामले में हत्या में इस्तेमाल हथियार और दूसरे सबूत जुटाने में लगी है।