11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

असम में बड़ा रेल हादसा, पटरी से उतरे कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे

असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गुवाहाटी

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 11 Nov 2026, 8:44 AM IST

Assam Train Accident

पटरी से उतरे ट्रेन के डिब्बे

Assam Train Accident: असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के दिगारू रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ।कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस लगभग 6:54 बजे जब दिगारू स्टेशन से गुजर रही थी, तो उसके छह डिब्बे तेज झटके के साथ पटरी से उतर गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त होने वाले कोचों में अधिकांश वातानुकूलित (AC) डिब्बे थे। डिब्बों के झुकने और ट्रैक से उतरते ही यात्रियों में भारी चीख-पुकार मच गई।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने समाचार एजेंसी ANI से फोन पर बातचीत में बताया कि आज सुबह लगभग 6:54 बजे दिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।

स्थिति का जायजा ले रहे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेनें (ART) और मेडिकल रिलीफ वैन घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। रेलवे और स्थानीय प्रशासन की बचाव टीमों ने घायलों को बोगियों से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए इंजीनियरिंग, सुरक्षा और परिचालन विभागों के वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

कैसे हुआ हादसा

हादसे के कारणों को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों का कहना है कि जिस वक्त ट्रेन ट्रैक बदल रही थी, तब अचानक एक बहुत तेज आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद डिब्बे पटरी से उतर गए। यह भी कहा जा रहा है कि यह हादसा फेसिंग पॉइंट पर ट्रैक बदलने वाले सिस्टम में किसी खराबी की वजह से हो सकता है। हालांकि, अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

पूर्वोत्तर मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना

दिगारू स्टेशन गुवाहाटी को पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों, विशेष रूप से बराक घाटी, त्रिपुरा और मिजोरम से जोड़ने वाले रेल नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। मुख्य लाइन पर छह डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण इस रास्ते से गुजरने वाली अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों और यात्री ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ने की संभावना है। तकनीकी टीमें दुर्घटना का कारण पता लगाने के लिए फिलहाल पटरियों और पहियों से मिले शुरुआती आंकड़ों की जांच कर रही हैं। घटना के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।