
ग्वालियर। शिवपुरी शहर के कमलागंज स्थित मामू पान वाले की गली में दोपहर एक दस वर्षीय बालक ने अपने अपहरण के प्रयास की कहानी सुनाई तो सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बालक का कहना है कि दो महिलाओं सहित चार लोग थे,जो भरी दोपहरी में मुझे ले जाने के प्रयास में थे। वहीं कोतवाली टीआई का कहना है कि यह अफवाह है और जल्द ही इससे बचाव के लिए जागरुकता शिविर लगाएंगे।
कमलागंज स्थित मामू पान वाली गली में रहने वाले कृश राठौर ने बताया कि मंगलवार की दोपहर लगभग 3 बजे वो अपने दूसरे घर से खाना लेने जा रहा था, तभी दो महिला व पुरुषों ने उसे पीछे से पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें : पत्नी ने लगाई फांसी, शव छोड़ मां-बाप के साथ भागा पति
बकौल कृश,जब वे लोग उसके मुंह पर कपड़ा बांधने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसने उसके हाथ में काट लिया, जो पकड़े हुए था। उनकी गिरफ्त से छूटकर बालक वहां से भाग गया और अपने घर वालों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलने पर कोतवाली टीआई सहित अन्य पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भी बालक की कहानी सुनी और आसपास लोगों की पतारशी की। लेकिन उसके द्वारा बताए गए हुलिए के लोग नजर नहीं आए।
बाद में जब पुलिस की मौजूदगी में वहां पर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा, तो उसमें राजस्थानी वेशभूषा में जा रहीं दो महिलाओं को बालक ने पहचान लिया। हालांकि पुलिस इसे अफवाह मान रही है।
अफवाह के बीच कहानी ने बढ़ाई चिंता
पिछले कुछ दिनों से अंचल सहित जिला मुख्यालय पर बच्चों को उठाने वाले गिरोह की घटनाएं सोशल मीडिया पर चल रही हैं। जिसके चलते अंचल के सरकारी स्कूलों सहित कोचिंग पर बच्चों की संख्या में एकाएक गिरावट आ गई। अमोला व खोड़ में पुलिस ने स्कूलों में जाकर इन अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही है। सोशल मीडिया पर चल रहीं ऐसी सूचनाओं से अभिभावक भी चिंतित हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ अफवाहे हैं, जिन पर लोगों को ध्यान नहीं देना चाहिए।
बादाम सिंह यादव टीआई कोतवाली : सूचना मिलने पर हम भी पहुंचे थे, लेकिन ऐसी कोई घटना नहीं हुई, बल्कि इस तरह की रूमर जिले भर में चल रही है। आमजन को डरने की जरूरत नहीं है और बहुत जल्दी ही हम लोगों के बीच पहुंचकर जागरुकता शिविर लगाएंगे तथा आजन को इस तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील करेंगे।