12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जेएएच में बढ़े ब्रेन स्ट्रोक के मरीज: समय पर मिला टीपीए इंजेक्शन, बच गई 65 वर्षीय महिला की जान

मौसम में बदलाव और सुबह-शाम बढ़ती ठंड के बीच जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) में ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसी बीच न्यूरोलॉजी विभाग में समय पर पहुंची 65 वर्षीय महिला को टीपीए (टिश्यू प्लास्मिनोजेन एक्टिवेटर) इंजेक्शन देकर गंभीर दिव्यांगता से बचाने में सफलता मिली है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

ग्वालियर

•

image

Rahul Thakur

•

Updated: 12 Nov 2026, 5:55 PM IST

जयारोग्य अस्पताल (जेएएच)

जयारोग्य अस्पताल (जेएएच)

ग्वालियर. मौसम में बदलाव और सुबह-शाम बढ़ती ठंड के बीच जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) में ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसी बीच न्यूरोलॉजी विभाग में समय पर पहुंची 65 वर्षीय महिला को टीपीए (टिश्यू प्लास्मिनोजेन एक्टिवेटर) इंजेक्शन देकर गंभीर दिव्यांगता से बचाने में सफलता मिली है। समय पर उपचार मिलने के 24 घंटे के भीतर ही महिला की हालत में उल्लेखनीय सुधार हुआ। ग्वालियर जिले की रहने वाली महिला को मंगलवार सुबह करीब पांच बजे अचानक पैर में कमजोरी महसूस हुई। साथ ही बोलने में भी परेशानी होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल जेएएच के न्यूरोलॉजी विभाग लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद सीटी स्कैन कराया और स्थिति का आकलन कर बिना देरी किए टीपीए इंजेक्शन दिया। यह दवा मस्तिष्क की नस में बने खून के थक्के को घोलने में मदद करती है। समय पर उपचार मिलने से महिला की हालत में तेजी से सुधार हुआ। निजी अस्पतालों में इस इंजेक्शन की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जाती है, जबकि जेएएच में यह उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया गया।

ठंड बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या में इजाफा
न्यूरोलॉजी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में ब्रेन अटैक के करीब 25 गंभीर मरीज भर्ती किए गए हैं। पहले ओपीडी में प्रतिदिन 5 से 10 मरीज पहुंचते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 10 से 15 हो गई है। डॉक्टरों के अनुसार, ठंड के मौसम में रक्तचाप में उतार-चढ़ाव सहित कई कारणों से ब्रेन अटैक का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में बुजुर्गों और उच्च रक्तचाप के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

अचानक लक्षण दिखें तो न करें देर
डॉ. दिनेश उदैनिया, विभागाध्यक्ष, न्यूरोलॉजी, जीआरएमसी ने बताया कि अचानक हाथ-पैर में कमजोरी, बोलने में परेशानी या चेहरे पर सुन्नपन जैसे लक्षण दिखाई दें तो मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। ब्रेन स्ट्रोक में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती घंटों में उचित इलाज मिलने से गंभीर नुकसान और दिव्यांगता का खतरा कम किया जा सकता है।