12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Mumbai Local Crime: छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को पटरियों पर धकेला, हाथ कटा, बोली- अंकल बैड टच कर रहे थे

Mumbai local train crime: मुंबई लोकल ट्रेन से जुड़ा एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। नायगांव स्टेशन पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर 20 वर्षीय युवती को चलती लोकल ट्रेन के आगे धक्का दे दिया गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 12 Nov 2026, 12:23 PM IST

Naigaon railway station incident

मुंबई में दिल दहला देने वाली वारदात (Photo: IANS/File)

मुंबई की 'लाइफलाइन' कही जाने वाली लोकल ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुंबई शहर के करीब नायगांव रेलवे स्टेशन पर कथित तौर पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक 20 वर्षीय युवती को प्लेटफॉर्म से नीचे धक्का दे दिया। इसी दौरान लोकल ट्रेन की चपेट में आने से युवती का बायां हाथ कोहनी से कटकर अलग हो गया। इस हादसे में उसके सिर पर भी गंभीर चोट आई है और 16 टांके लगाने पड़े हैं। घटना 4 नवंबर 2026 की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

बोरीवली से नायगांव जा रही थी युवती, ट्रेन में हुई छेड़छाड़

जानकारी के मुताबिक, घायल युवती का नाम सोफिया (20) है। वह पालघर जिले के नायगांव पूर्व इलाके में रहती है। बीते 4 नवंबर को सोफिया अपनी बहन से मिलने गोरेगांव गई थी। शाम करीब 7:15 बजे वह बोरीवली से लोकल ट्रेन पकड़कर नायगांव लौट रही थी।

आरोप है कि ट्रेन में सफर के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं।

प्लेटफॉर्म पर हुआ विवाद और फिर हुआ खौफनाक हादसा

नायगांव रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद सोफिया ने आरोपी से उसकी हरकतों को लेकर सवाल किया। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी और विवाद बढ़ गया। सोफिया के मुताबिक, उसने आरोपी से यहां तक कहा कि उसके घर में महिलाएं होंगी, इस तरह की हरकत सही नहीं है। जब आरोपी नहीं माना तो उसने उसे चप्पल से मारा। इसके बाद आरोपी ने आपा खो दिया और उसने भी सोफिया को चप्पल से मारा और फिर जोर से धक्का दिया। जिस वजह से वह प्लेटफॉर्म से पटरियों पर गिर गई, इसी दौरान लोकल ट्रेन भी चल पड़ी।

बताया जा रहा है कि धक्का लगने से सोफिया प्लेटफॉर्म और लोकल ट्रेन के बीच बने गैप से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गई। इसी दौरान लोकल ट्रेन चलने लगी, जिससे उसका बायां हाथ ट्रेन के पहिए के नीचे आ गया। इस हादसे में उसका हाथ कोहनी से कटकर अलग हो गया।

पीड़िता ने सुनाई आपबीती, बोली- बैड टच किया था, मेरी जिंदगी हुई खराब

इस दर्दनाक हादसे के बाद सोफिया को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के बिस्तर पर पड़ी सोफिया ने अपनी दर्आदभरी पबीती बताते हुए कहा कि वह घर की पूरी जिम्मेदारी अकेले संभालती थी, लेकिन अब एक हाथ गंवाने के बाद उसके सामने जिंदगी की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

सोफिया ने कहा, ''मैं नायगांव जा रही थी। मैंने बोरीवली से ट्रेन पकड़ी थी। एक अंकल मुझे गलत तरीके से छू रहे थे, इसलिए मैंने उनसे झगड़ा किया। ट्रेन से नीचे उतरने के बाद भी वह मुझे बैड टच (गलत तरीके से छूना) कर रहे थे। मैंने उन्हें वहां से हटाने के लिए चप्पल मारी तो उन्होंने भी मुझे चप्पल से मारा और सीधे नीचे धक्का दे दिया। पूरे घर की जिम्मेदारी मैं अकेले संभालती थी, अब मैं एक हाथ से कुछ नहीं कर सकती। मेरे सिर में भी 16 टांके आए हैं। मुझे न्याय चाहिए...''

9 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार, रेलवे पुलिस कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद भायंदर रेलवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का पता लगाया और 9 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।