
ग्वालियर। प्रदेश के चंबल संभाग में लूट व हत्या की वारदात और तेजी के साथ बढ़ती ही जा रही है। वहीं पुलिस पूरे मामले को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। अभी हाल ही में शिवपुरी लिंक रोड पर गार्ड की हत्या कर कैश वैन से 8.28 लाख रुपए लूटकर भागे बदमाशों को पुलिस सुराग भी नहीं लगा पाई थी कि मुरैना में कार में सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने ग्वालियर के लोहा कारोबारी से 2.50 लाख रुपए लूट लिए।
बदमाशों ने ओवरटेक करके कार रोकी फिर व्यपारी को बाहर निकालकर कट्टे के बट सिर पर मारकर घायल कर दिया। फिर रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए। लूट की वारदात मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार को तलाश किया लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चला। पुलिस के मुताबिक ग्वालियर के हरीशंकरपुरम में रहने वाले राजीव (50) पुत्र हरिनारायण अग्रवाल के साथ रविवार रात 8.20 पर लूट हुई है।
राजीव लोहा कारोबारी हंै। उनकी यातायात नगर में एके स्टील के नाम से दुकान है। रविवार को ड्राईवर को लेकर अपनी कार से अंबाह वसूली करने गए थे। वसूली करने के बाद ग्वालियर लौट रहे थे। बड़ागांव भदौरिया ढाबा के पास कार आरजे 11 जीए 0908 में सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार के आगे अपनी कार लगा दी।
कार रुकते ही हथियारबंद बदमाश नीचे उतरे और राजीव को कार से बाहर खीच लिया। बाकी बदमाश ड्राईवर को घेरे रहे। व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाश ने कट्टे का बट उनके सिर पर मारा और रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए। बाकी साथियों ने ड्राईवर निखिल के साथ भी मारपीट की। लूट की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राजीव को मुरैना के अस्पताल में भर्ती करा दिया है। मुरैना एसपी असित यादव अस्पताल पहुंचे और राजीव से घटना की जानकारी ली।
इसे भी पढ़ें : आठ साल से शिक्षक कर रहा था गलत काम, फिर सामने आई सच्चाई
कार की तलाश में नाकेबंदी
कार का नंबर आने पर मुरैना से धौलपुर और ग्वालियर आने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। कार सफेद रंग की बताई गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।