
भिंड/ग्वालियर। जिले में रविवार को देर शाम बदमाशों ने लोहे के धारदार हथियार से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिसकर्मियों पर हमले की यह वारदात थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।घायल पुलिसकर्मियों में से हेड कॉन्स्टेबल उमेश बाबू की हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते उसे जिला चिकित्सालय से ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जहां से सुबह के समय उसे दिल्ली रेफर किया गया। जबकि एक आरक्षक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दरअसल रविवार देर शाम को पुलिस द्वारा एक युवक विष्णु राजावत को हिरासत में लिया गया, जिसको बिना लॉकअप में डाले ही थाने में बिठा लिया गया। जिसके बाद युवक का एक और साथी आया और दोनों में बातचीत के बाद उसने भागने के लिए पास ही रखी कुदाली से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमलावर युवक के अनुसार उसे बिना किसी कारण के उठाया गया था जिसके चलते वह पुलिस वालों से जाने देने के लिए बोल रहा था।
लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा उसे नहीं छोड़ा गया। जिसके चलते उसने पास में रखी कुदाली से पुलिसवालों पर हमला कर दिया। और भागने की कोशिश की लेकिन धरा गया। वहीं सूत्रों की माने तो आरोपी विष्णु राजावत रेत के कारोबार से संबंधित है उसी के चलते लेनदेन को लेकर पुलिस द्वारा उसे थाने में बिठाया गया। जिसके चलते उसके हौसले इतने बुलंद थे कि उसने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिसकर्मियों को घायल कर फरार हुए आरोपियों पर केस
भिण्ड। ऊमरी थाने के लॉकअप में कैद बंदी द्वारा दो पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला कर फरार हो जाने की वारदात के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार विष्णु सिंह पुत्र श्यामशरण सिंह राजावत एवं मान सिंह पुत्र बलवीर सिंह राजपूत निवासी लारौल को रविवार देर शाम ऊमरी कस्बे में उत्पात मचाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपियों ने पेशाब के बहाने लॉकअप खुलवाया और अचानक से थाने के एचसीएम उमेशबाबू व आरक्षक गजराज सिंह पर सरिए से हमला कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों ही आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के अलवा कानून तोडऩे के आरोपों के तहत केस दर्ज किया है। बताया गया है कि एचसीएम का उपचार ग्वालियर में तथा आरक्षक का उपचार भिण्ड जिला अस्पताल में जारी है।