Gwalior- ग्वालियर में हुई घटना, हालात बिगडऩे पर उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, महाराजपुरा पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज किया केस
Gwalior- एमपी के ग्वालियर शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने न केवल घर में पत्नी को पीटा बल्कि सरेराह भी उसके साथ मारपीट की इतना ही नहीं, बीच सड़क पर ही उससे रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। तीन बार 'तलाक' बोलकर पत्नी से संबंध विच्छेद कर लिया। शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में यह घटना हुई।
यहां के डीडी नगर गेट पर पति ने सरेराह तमाशा किया। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। महाराजपुरा थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी पति अशमन खान के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 की धारा 4 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
डीडी नगर निवासी 24 वर्षीय समायरा खान ने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे उसका पति अशमन खान उसके घर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर जब वह डीडी नगर गेट की ओर भागी, तो आरोपी ने उसे वहां भी घेर लिया।
राहगीरों की मौजूदगी में आरोपी ने उसे जमकर पीटा। वह बचने का प्रयास करती रही। मारपीट के दौरान ही गुस्से में अशमन खान ने उससे तीन बार 'तलाक- तलाक-तलाक' बोल दिया। आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा कि अब उसका समायरा से कोई संबंध नहीं है और वह उसे साथ नहीं रखेगा।
निकाह के कुछ समय बाद से ही पति उसे प्रताडि़त करने लगा
पीडि़ता के अनुसार, उसकी शादी 10 जून 2025 को आगरा (उत्तर प्रदेश) निवासी अशमन खान के साथ मुस्लिम रीति- रिवाज से हुई थी। निकाह के कुछ समय बाद से ही पति उसे प्रताडि़त करने लगा था। वह कई बार उसे घर से निकाल चुका था। पति की प्रताडऩा से तंग आकर वह डीडी नगर स्थित बीएसएफ कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहने लगी थी।
पीडि़ता ने बताया कि लगातार विवाद के बावजूद उसने रिश्ते को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पति ने कोई पहल नहीं की। न तो उसे वापस लेने आया और न ही संपर्क किया। हालात बिगडऩे पर उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।