
ग्वालियर। जीवाजी यूनिवर्सिटी (जेयू) की हाईटेक लैब एपीजे अब्दुल कलाम सेल्ट्रल रिसर्च फेसेलिटी (सीआईएफ) में अंचल के साथ दूसरे राज्यों के शोधार्थी भी अपना रिसर्च वर्क कर सकेंगे। इसके पहले चरण में जेयू की सूचना के बाद उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के करीब 42 संस्थानों ने जेयू में शोध के लिए आवेदन किया है। इस लैब में फिलहाल पीएचडी और एमएससी कर रहे छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
विशेषज्ञ देंगे ट्रेनिंग
ट्रेनिंग विवि के प्रोफेसर्स की टीम देगी। इसके अलावा जरूरत पडऩे पर डीआरडीई, ट्रिपल आइटीएम के साथ अन्य संस्थानों के विशेषज्ञों को भी बुलाया जाएगा। विवि ने पहले चरण में पीएचडी छात्रों को प्रयोगशालाओं में प्रशिक्षण कार्य अप्रैल से शुरू करा दिया है, वहीं एमएससी छात्र-छात्राएं अगस्त से अपना रिसर्च वर्क शुरू कर सकेंंगे।
इस प्रयोग कार्य के लिए जेयू ने कोर्स के हिसाब से रेट लिस्ट बनाई है जिसे पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस लैब का निर्माण रूसा द्वारा दिए गए ३ करोड़ १५ लाख की राशि से हुआ है। इसका उद्घाटन वर्तमान राज्यपाल आनंदी बेन ने किया था।
तीन भागों में विभाजित
अगस्त में एमएससी छात्रों को लैब में रिसर्च की ट्रेनिंग देने के लिए १५-१५ छात्रों का ग्रुप बनाया जाएगा। जिसे बाद में पांच-पांच छात्रों के ग्रुप में तब्दील कर दिया जाएगा। लैब को तीन भागों में विभाजित किया है। सभी छात्रों को तीन ग्रुप में ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग की राशि संबंधित शैक्षणिक संस्थान जमा करेगा। ट्रेनिंग के बाद विवि छात्रों को सर्टिफिकेट भी जारी करेगा।
इसलिए जरूरी है ट्रेनिंग
पीएचडी और एमएससी कोर्सों में प्रैक्टिकल नॉलेज के लिए ट्रेनिंग का प्रावधान किया गया है। लैब के उपकरण महंगे होने के कारण ज्यादातर शैक्षणिक संस्थान इन्हें खरीद नहीं पाते हैं। इसी कारण उन्होंने विवि में आवेदन किया है। कोर्स के बाद प्लेसमेंट में प्रैक्टिकल नॉलेज की जरूरत पड़ती है। विवि ने मैंटिनेंस का खर्चा निकालने दूसरे राज्यों से आवेदन मांगे हैं। वर्ष में लैब का खर्चा 8 से 10 लाख रुपए आता है। जिसकी भरपाई विवि ट्रेनिंग के पैसों से करेगा।
"अगस्त में हम एमएससी छात्रों लिए लिए भी रिसर्च सुविधा शुरू करेंगे। इसके लिए हमारे पास यूपी, राजस्थान हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आवेदन आए हैं। विवि के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।"
प्रो.डीडी अग्रवाल, हेड, सीआइएफ लैब, जेयू