
ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर थाने में पदस्थ आरक्षक प्रशांत यादव को बुधवार रात करीब ८ बजे एएसआई के बेटों ने पीट दिया। प्रशांत टेंपों से घर जा रहा था। दोनों ने उसे बहोड़ापुर तिराहे पर टेंपो से खींचकर सड़क पर पटककर मारा। सिपाही की पिटाई से बाजार में खलबली मच गई। प्रशांत बहोड़ापुर थाने में है तिराहे पर तमाम लोग उसे पहचानते हैं तो तुरंत थाने फोन कर पुलिस को बुलाया। पकडे़ जाने पर दोनों आरोपी कह रहे हैं कि प्रशांत ने चलते टेंपो से उन पर थूका था। उन्हें नहीं पता था प्रशांत सिपाही है।
पुलिस ने बताया आरक्षक प्रशांत यादव गुढ़ा पर रहता है। डयूटी पूरी कर बुधवार रात घर लौट रहा था। शिंदे की छावनी तक जाने के लिए टेंपो में बैठ गया। एएसआई अल्ताफ का बेटा संजय और आसिफ बाइक से टेंपो के बाजू से निकले उसी दौरान टेंपों में से किसी ने उन पर थूक दिया।
दोनों भाईयों ने टेंपो को रुकवा कर प्रशांत को पकड़ लिया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई तो संजय और अल्ताफ ने प्रंशात को टेंपो से बाहर खींच लिया। उसे सड़क पर पटक कर लात घूंसों से पीटा। तिराहे पर सिपाही की पिटाई का पता चलने पर पुलिस संजय और अल्ताफ को पकड़ कर थाने ले गई। दोनों का कहना था प्रशांत सिपाही है उन्हें नहीं पता था उसने ही उन पर थूका था इसलिए विवाद हो गया।
केस दर्ज
सिपाही को पीटने पर पुलिस संजय और अल्ताफ निवासी शंकरपुर को पकड़ कर थाने ले आई तो दोनों ने पिता अल्ताफ के एएसआई होने का हवाला देकर बचने की कोशिश की। बहोड़ापुर टीआई राघवेन्द्र सिंह का कहना है दोनों आरोपियों पर केस दर्ज किया है।