
ग्वालियर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत नाज़ुक बनी हुई है. एम्स अस्पताल के मुताबिक़, पिछले 24 घंटों में उनकी हालत काफी बिगड़ गई है उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत को लेकर ग्वालियर चंबल संभाग में लोग उनकी दुआओं की कामना कर रहे हैं। शहर के कई मंदिरों में लोगों को उनके सही होने के लिए दुआ मांग रहे है। आपको बता दें कि उनका ग्वालियर से खासा लगाव था। राजनीति के अलावा उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो अटलजी खाने-पीने के बेहद शौकीन थे।
खास बात यह है कि सामान्य और खास जिंदगी में भी उनका इन स्वादिष्ट आइटम्स से मोह बना रहा। ग्वालियर शहर के शिंदे की छावनी में जन्मे अटल बिहारी वाजपेयी की सबसे पसंदीदा मिठाई बहादुरा के लड्डू और चिवड़ा नमकीन था। शुद्ध देशी घी की मिठाइयों की फेमस दुकान बहादुरा स्वीट्स के संचालक ने बताया कि अटलजी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जब भी कोई परिचित दिल्ली में उनसे मिलने जाता तो वो लड्डू लेकर जरूर जाता।
इसी वजह से एक अंग्रेजी अखबार ने तो इन लड्डुओं को पासपोर्ट टू पीएम तक की संज्ञा दे दी थी। आपको बता दे कि बहादुरा मिष्ठान भंडार के मालिक बताते हैं कि जब वे बहुत छोटे थे तब अटलजी उनके यहां पैदल चलकर लड्डू खाने आते थे। उस वक्त उनके लड्डू 4-6 रुपए प्रति किलो बिकते थे। हालांकि, इन दिनों दाम 400 रुपए किलो तक पहुंच चुका है।
सायरन बजाती हुईं आई पुलिस की गाडियां
सिटी के फालका बाजार स्थित नमकीन व्यवसायी सुन्नूलाल गुप्ता बेडर की दुकान के भी अटलजी ग्राहक रह चुके हैं। वे यहां स्पेशल चिवड़ा खाने आते थे। सुन्नूलाल ने बताया कि एक बार अटलजी विदेश मंत्री रहते हुए चुनावी सभा के सिलसिले में ग्वालियर आए थे। उनके आने की सूचना मुझे पहले मिल चुकी थी। उनके लिए चिवड़ा (नमकीन) तैयार करना था। चूंकि अटलजी की सारी सभाएं देर से चल रही थीं,इसलिए मैंने सोचा कि शायद आज वह ग्वालियर नहीं आएंगे और मैं दुकान बंद करके छत पर सो गया।
इसी बीच, रात के 2 बजे पुलिस की गाडिय़ां सायरन बजाती हुईं मेरी दुकान के आगे आकर रुक गई और पुलिस के जवान बेट बजाने लगे। जब मैं नीचे उतरा तो उन्हीं गाडिय़ों के बीच एक कार में से केंद्रीय मंत्री अटलजी उतरे और बोले- मैं हूं अटल बिहारी, चिवड़ा तैयार है ? अटलजी को देखकर मेरे शरीर में स्फूर्ति आ गई और मैं झट से तैयार होकर दुकान के नीचे पहुंच गया। तत्काल चिवड़े का स्पेशल मेवों को मिश्रण कर उन्हें पैकेट दे दिया। इसके बाद मूल्य से ज्यादा पैसे उन्होंने मुझे दिए। ऐसा कभी नहीं हुआ कि अटल जी ने ज्यादा पैसे नहीं दिए हों।