Patwari recruitment fraud: ग्वालियर में पटवारी भर्ती परीक्षा में सॉल्वर बैठाने के लिए आधार कार्ड के बायोमैट्रिक डेटा से छेड़छाड़ का चर्चित मामला अदालत में पुलिस की कमजोर जांच की भेंट चढ़ गया। मोम के नकली फिंगरप्रिंट बनाकर बायोमैट्रिक बदलने के आरोप में गिरफ्तार चारों आरोपियों को सत्र अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। फैसले में अदालत ने क्राइम ब्रांच की विवेचना पर गंभीर सवाल उठाए। जांच में न मौके से स्वतंत्र गवाह जुटाए गए, न जब्त मशीनों और लैपटॉप से बायोमैट्रिक डेटा में छेड़छाड़ की तकनीकी पुष्टि कराई गई। अदालत ने स्पष्ट कहा कि संदेह कितना भी गंभीर क्यों न हो, वह सबूत का स्थान नहीं ले सकता।