ग्वालियर

लुटेरों ने रांपी लगाकर बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कार का टायर किया पंचर, लाठी-सरियों से पीटा

लुटेरों ने रांपी लगाकर बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कार का टायर किया पंचर, लाठी-सरियों से पीटा
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2018, 4:42 PM IST
vakil marpit
लुटेरों ने रांपी लगाकर बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कार का टायर किया पंचर, लाठी-सरियों से पीटा

ग्वालियर। जबलपुर से बैठक में शामिल होकर कार से ग्वालियर लौट रहे उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अनिल मिश्रा, उपाध्यक्ष राजीव शर्मा सहित पांच अभिभाषकों पर रविवार रात को बदमाशों ने लाठी, सरियों से जानलेवा हमला कर लूट लिया। घटना सागर के पास मालथौन थाने से 10 किलोमीटर दूरी पर हुई। बदमाश अभिभाषकों के मोबाइल, सोने की अंगूठियां, चेन, पर्स सहित 75 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पास के स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर सभी को देर रात एंबुलेंस से पुलिस के साथ ग्वालियर भेज दिया। सुबह सात बजे ग्वालियर पहुंचे पांचों को अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती किया।

यहां अध्यक्ष अनिल मिश्रा एवं ड्रायवर रवि शर्मा की हालत गंभीर होने पर उन्हें आइसीयू में रखा गया है। अभिभाषक संघ के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि रविवार को जबलपुर से बैठक में शामिल होकर सभी लोग सागर छतरपुर रोड से ग्वालियर के लिए रवाना हुए। रात करीब 10.30 बजे हम विचार कर रहे थे कि रास्ते में कोई होटल मिलने पर खाना खाएंगे। कार में अध्यक्ष अनिल मिश्रा, मैं, भिंड बार के सचिव विनीत मिश्रा एडवोकेट रज्जन सिंह भदौरिया, एडवोकेट विक्रम सिंह चौहान लोग थे। रवि शर्मा कार चला रहे थे।

मालथैन थाने से आगे निकले ही थे, तभी कार का टायर पंचर हो गया, सभी लोग कार से बाहर आ गए और पहिया बदलने लगे। उसी समय चार, पांच बदमाश आए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। विरोध किया तो चार, पांच युवक और आ गए। बदमाश उन्हें घसीटते हुए खेत की ओर ले गए लूट के बाद बदमाशों ने उन पर लाठी और सरियों से हमला कर दिया, इसके बाद सभी भाग गए।

प्लानिंग से किया हमला
बदमाशों ने सड़क पर रांपी लगा रखी थी, जिससे गाड़ी पंचर हुई जब सभी उसका टायर बदल रहे थे तब गाड़ी में बैठे एडवोकेट विक्रम सिंह ने कहा कि मैं देखकर आता हूं कि गाड़ी पंचर कैसे हुई और वे उस दिशा की ओर चल पड़े जिधर से आए थे, इसी बीच घटना हो गई, इस कारण वे बदमाशों से बच गए।

ढाबे वाले ने दी पुलिस का सूचना
थोड़ी दूर पर स्थित एक ढाबे वाले को लगा कि कोई घटना हो गई है तो वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कुछ लोगों के साथ घटनास्थल पर आया। भिंड बार के सचिव विनीत मिश्रा ने बताया कि ढाबे वाले ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस मंगवाई। कुछ देर बाद पुलिस आ गई, जो सभी को पास के स्वास्थ्य केन्द्र में ले गई। यहां बार अध्यक्ष अनिल मिश्रा व ड्रायवर रवि शर्मा की हालत गंभीर होने पर सभी को एंबुलेंस से ग्वालियर लाया गया।

रिवाल्वर की घुड़की से भड़के बदमाश
बदमाशों से घिरने के बाद उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने एक साथी से कहा रिवाल्वर निकालना, इस पर बदमाश सहम गए कुछ देर वे खड़े रहे, जब उन्हें लगा यह घुड़की दे रहे हैं तो और भड़क गए और हमला कर दिया।

सिर में गंभीर चोट
बार अध्यक्ष अनिल मिश्रा एवं ड्रायवर रवि शर्मा के सिर में गंभीर चोट होने से उन्हें आइसीयू में रखा है। दोनों की हालत नियंत्रण में है। उपाध्यक्ष राजीव शर्मा के हाथ में फै्रक्चर है।

Published on: