ग्वालियर. नवंबर का आधा महीना बीत जाने के बाद भी ग्वालियर में अपेक्षित ठंड शुरू नहीं हो सकी है। दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक बने रहने का सीधा असर अब खेतों में खड़ी रबी और सब्जी की फसलों पर दिखने लगा है। मौसम की इस बेरुखी से सरसों, चना और हरी मटर की फसलें प्रभावित हो रही हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है यदि जल्द ही पारा नीचे नहीं आया, तो फसलों के उत्पादन में कमी आ सकती है, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में आम आदमी की रसोई और जेब पर पड़ेगा। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया…जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.8 डिग्री ऊपर 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।