15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Balaghat Crime: दोस्त के साथ घूमने निकली एयर होस्टेस की संदिग्ध मौत, दीपावली पर बेटी के साथ आई थी मायके

Air Hostess Murder: बोंडरानी में वैनगंगा नदी तट पर घूमने गई थी महिला, लूटपाट के बाद हत्या की आशंका; साथ गए युवक से पुलिस कर रही पूछताछ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बालाघाट

•

image

Shailendra Sharma

•

Updated: 15 Nov 2026, 5:09 PM IST

Balaghat Air Hostess Murder

Balaghat Air Hostess Murder, मृतका वर्षा की जीवित अवस्था की तस्वीर और पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजनों की भीड़ (Source-Patrika)

Balaghat Air Hostess Murder: महाराष्ट्र की सीमा से लगे मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के समीप महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी के तट पर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां घूमने गई 35 वर्षीय एयर होस्टेस की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। महिला के शरीर, विशेषकर पीठ पर धारदार हथियार से चार वार किए जाने की जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुरुआती तौर पर लूटपाट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुणे में एयर होस्टेस थी वर्षा

मृतका की पहचान वर्षा तुरकर पति समर सैयद (35), निवासी पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। वर्षा पेशे से एयर होस्टेस थी और वर्ष 2024 में समर सैयद के साथ प्रेम विवाह करने के बाद पुणे में रह रही थी। उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। दीपावली के अवसर पर वह अपनी बेटी के साथ मायके किन्ही आई हुई थी। इसी दौरान 14 नवंबर की शाम वह अपने परिचित रितेश अग्रवाल निवासी गोंदिया के साथ घूमने के लिए महाराष्ट्र के बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी तट पर पहुंची थी। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि शाम की यह सैर उसके जीवन की आखिरी यात्रा साबित होगी।

शाम को फोन पर बताया- हमारे साथ हुई लूटपाट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रितेश अग्रवाल ने मृतका के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले निवासी नवेगांव खां को फोन किया। उसने बताया कि उनके साथ लूटपाट की वारदात हुई है और कुछ लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए हैं तथा वर्षा गंभीर रूप से घायल है। फोन पर मिली सूचना के बाद अश्विनी अपने परिजनों के साथ तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर वर्षा खून से लथपथ हालत में मिली। परिजन बिना देर किए उसे उपचार के लिए खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां शाम करीब 7 बजे चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पढ़ाई के दौरान हुई थी रितेश से पहचान

घटना की सूचना खैरलांजी थाना पुलिस को दी गई। चूंकि वारदात का घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए खैरलांजी पुलिस ने संबंधित पुलिस को सूचना देकर मामले की जानकारी साझा की। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, वर्षा की पहचान पढ़ाई के दौरान गोंदिया निवासी रितेश अग्रवाल से हुई थी। घटना के बाद दौनीवाड़ा पुलिस वर्षा के साथ मौजूद रहे रितेश अग्रवाल और उसके बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ था, वारदात किस परिस्थिति में हुई और वर्षा पर हमला किसने किया।