कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह रघुवंशी ने थामा 'आप' का दामन, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ रुचि गुप्ता ने दिलाई पार्टी की सदस्यता।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर सूबे में सक्रीय सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। वहीं, दूसरी तरफ एक दूसरे के पड़लों को आंकते हुए नेताओं द्वारा दल बदल का दौर भी लगातार जारी है। इसी कड़ी में चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस को झटका लगा है। आपको बता दें कि, गुना जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह रघुवंशी ने कांग्रेस का दामन छोड़ते हुए आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। बता दें कि, बुधवार को संतोष सिंह रघुवंशी ने ग्वालियर स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय पहुंचकर AAP की सदस्यता ग्रहण की है। आप की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ रुचि गुप्ता ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है।
आपको बता दें कि, इससे एक दिन पहले ही प्रदेश की सत्तारूण पार्टी भाजपा को भी बड़ा झटका लग चुका है। भाजपा के पूर्व मंत्री रहे अखंड प्रताप सिंह ने भी पार्टी का दामन छोड़ते हुए अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की सदस्यता गृहण की थी। अखंड प्रताप सिंह को राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। आप की सदस्यता लेने के बाद अखंड प्रताप ने कहा था कि, 'मैंने कभी भी सत्ताधारी दल से चुनाव नहीं लड़ा। अबतक जिस दल से चुनाव लड़ा उसी की सरकार बनी है। यहां अखंड ने केजरीवाल को सत्य और ईमान की मूर्ति बताते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री बनने का भी दावा किया था।
बढ़ता जा रहा है सेंधमारी का सिलसिला
दरअसल, मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। दोनों ही प्रमुख पार्टियां, जिनमें भाजपा और कांग्रेस में सेंधमारी का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी में सेंध लगाई है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक बैजनाथ यादव भी बुधवार को अपने साथ 50 गाड़ियों में भरकर लाए सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई है।