
ग्वालियर। टेकनपुर टीसीपी के पास बजरंग विहार कॉलोनी स्थित ढाबे पर बैठे एक युवक की सुबह दो बाइकों से आए युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृत युवक के सिर व सीने में दो गोली लगी है। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृत युवक दो साल पहले बौना के पूर्व सरपंच वीरेंद्र सिंह गुर्जर की हत्या का आरोपी था। वह कुछ समय से जमानत पर चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक परवेन्द्र सिंह उर्फ लाडी (32) वर्ष पुत्र करतार सिंह निवासी अकबई बड़ी सुबह करीब 11.45 बजे बजरंग विहार कॉलोनी मोड़ पर एक ढाबे पर बैठा हुआ था तभी दो बाइकों से आए हमलावारों ने 32 बोर और 315 बोर की बंदूक से फायरिंग करके उसे गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल 100 पुलिस की गाड़ी पहुंची और घायल परवेंद्र को इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें : यहां कुर्सी एक, अधिकारी दो और शिक्षा व्यवस्था ठप, जानिए
घटना के बाद सभी हमलावार भाग निकले और एक भी बदमाश पकड़ में नहीं आ सके है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक देहात एसएस गौर आंतरी थाना प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पुलिस को 32 बोर बंदूक के 8 खोखे और 315 बोर बंदूक का एक खोखा मिला।
साथ ही चप्पल मिली है और ब्लड के निशान मिले जिसकी फोरेंसिक टीम ने जांच की। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात एसएस गौर ने बताया कि मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। मौके से मिले कारतूस के खोके जब्त किए गए है। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर राजा गुर्जर, विनोद गुर्जर, संजय गुर्जर, विनोद गुर्जर, अभिषेक उर्फ भिंड़ी, परमाल गुर्जर, मुकेश परिहार पर हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुरानी रंजिश से जोड़ा मामला
दो साल पहले बौना के पूर्व सरपंच वीरेन्द्र सिंह गुर्जर की पुरानी रंजिश के कारण 9 लोगों ने हत्या कर दी थी जिसमें परवेन्द्र सिंह उर्फ लाडी (32) वर्ष पुत्र करतार सिंह हत्या का आरोपी था। पुलिस इस हत्या के मामले को पुरानी रंजिश से जोडकऱ चल रही है। पिछले कुछ दिन पहले जमानत पर रिहा चल रहा था।