
ग्वालियर. भाजपा और कांग्रेस के कई पार्षद प्रदेश के मंत्री और विधायकों के खिलाफ खुलकर मैदान में आ गए हैं। उनका आरोप है कि उनके द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए भूमिपूजन और लोकार्पण प्रदेश के मंत्री और विधायकों द्वारा कराया जा रहा है। सोमवार को भाजपा के कई पार्षदों और कांग्रेस के तीन पार्षदों ने पार्टी नेताओं के साथ नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कहा कि उनके क्षेत्र में काम हो जाते हैं,लेकिन उन्हें पता नहीं चलता है। भाजपा ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा पार्षदों के क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों में मंत्री व विधायक अडंग़ा लगा रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने भाजपा पार्षदों के साथ पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जिन निर्माण कार्यों के लिए पार्षदों की निधि से मंजूरी के बाद भूमिपूजन हो चुके हैं,उनका मंत्री और विधायक फिर भूमिपूजन करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसा करवाकर जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। शर्मा ने चेतावनी दी कि अभी हमने ज्ञापन दिया है, नहीं मानें तो कठोर कदम उठा सकते हैं। भाजपा ने उन्हें चुनौती दी है कि छह माह में क्या किया है जनता के सामने बताएं।
हमारे क्षेत्र में काम होते हैं, हमें पता तक नहीं चलता
ग्वालियर विधानसभा के तीन पार्षद कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन से मिले। इस दौरान पार्षदों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने कहा कि निगम का अमला हमारे क्षेत्र में जाकर काम कर आता है, लेकिन हमें पता तक नहीं चलता है। वार्ड-31 के पार्षद राजू भदौरिया ने कहा कि मेरे वार्ड में रविवार रात को दुर्गपुरी में बोरिंग हो गई, मुझे पता तक नहीं चला। अगर मशीन आई है तो जानकारी पार्षदों को होना चाहिए। पार्षद विकास जैन और विनोद यादव ने भी समस्याओं को लेकर शिकायत की। कांग्रेस प्रदेश महासचिव शर्मा ने निगमायुक्त से कहा कि पानी की लाइन रमटापुरा,लधेड़ी और नूरगंज में डाली जाए,जिससे लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा बारिश शुरू हो चुकी है,लेकिन उपनगर ग्वालियर में कई नालों की सफाई नहीं हुई है। पार्षदों ने पीएचई के प्रभारी डीके गुप्ता की शिकायत की। जिस पर निगमायुक्त ने नोटिस देने की बात कही।
अराजकता पैदा न करें मंत्री-विधायक
पत्रकारा वार्ता में भाजपा पार्षद राकेश माहौर, दीनेश दीक्षित, धर्मेन्द्र कुशवाह, पोहप सिंह, पुरुषोत्तम टमोटिया, मुकेश परिहार, जगत सिंह कौरव, खेमचंद गुरबानी तथा अजय अरोरा सहित अन्य पार्षद पति भी उपस्थित थे। उनका कहना था कि विधायक व मंत्री को अपनी निधि के कार्यों का भूमिपूजन कराना चाहिए। जिन कामों के लिए भूमिपूजन हो चुका है, उनका फिर भूमिपूजन कराकर अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं।
आरोप: इन कार्यों का किया फिर भूमिपूजन
रेशम मिल भट्टा वाले पार्क में पानी की टंकी का भूमिपूजन महापौर एवं जयभान सिंह पवैया ने किया था। इसका फिर भूमिपूजन मंत्री ने किया।
वार्ड-22 में पार्षद द्वारा स्वीकृत कार्य जबरन रुकवा दिए।
वार्ड-18 में रामदयाल नगर में ग्रीनवुड स्कूल के पास की रोड पार्षद द्वारा स्वीकृत कराई गई, विधायक बिना पार्षद को बुलाए भूमिपूजन कर गए।
वार्ड-10 में नाले का कार्य विधायक ने बंद करा दिया।