ग्वालियर

भाजपा का दावेदारों को निर्देश, चुनाव लड़ना है तो जमा करो 10 हजार, कांग्रेस ने कसा तंज

-चुनाव लड़ना है तो जमा करने होंगे 10 हजार-चुनाव के जरिए समर्पण निधि का लक्ष्य पूरा कर रही भाजपा-बायोडाटा के साथ रुपए लेने का वीडियो हो रहा वायरल-भाजपा की इस व्यवस्था को भ्रष्टाचार से जोड़ रही कांग्रेस

2 min read
भाजपा का दावेदारों को निर्देश, चुनाव लड़ना है तो जमा करो 10 हजार, कांग्रेस ने कसा तंज

ग्वालियर. भारतीय जनता पार्टी पार्षद चुनाव के संभावित प्रत्याशियों से समर्पण निधि जमा करा रही है। भाजपा कार्यालय मुखर्जी भवन में संभावित दावेदार बायोडेटा के साथ 10 हजार रुपए जमा कराए जा रहे हैं। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्वालियर भाजपा के जिलाध्यक्ष दावेदार का बायोडाटा देख रहे हैं और उनके पास बैठा शख्स हाथ में रुपए लिया हुआ है। वहीं एक कार्यकर्ता कह रहा है कि, पहले पैसे जमा करने होंगे, उसके बाद ही दावेदारी दर्ज करने के लिए एंट्री की जाएगी। अगर आप रसीद कट्टा लेकर जाते हो तो बायोडेटा और रसीद साथ में जमा कर सकते हैं।


दावेदारों से ली जा रही राशि के संबंध में भाजपा का कहना है कि, ये समर्पण निधि है और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं से समर्पण निधि जुटा रही है। इसी वजह से पार्षद पद के संभावित दावेदारों से भी 10-10 हजार रुपए लिए जा रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस की ओर से भी भाजपा पर तंज कसा गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने भाजपा की इस व्यवस्था पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि, पार्टी स्तर पर इसकी पड़ताल की जा रही है। अगर सबूत मिलता तो चुनाव आयोग को भी इसकी शिकायत करेंगे।


कांग्रेस का हमला

इस मामले पर हमलावर रवैय्या आजमाते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा का कहना है कि, 'भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है। उसमें सदस्यता ही हजारों रुपए से होती है। इसलिए गरीब कार्यकर्ता तो चुनाव ही नहीं लड़ सकता। ये चुनाव के नाम भ्रष्टचार हो रहा है, इसको रोकना चाहिए।'


भाजपा की सफाई

इसपर सफाई देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी का कहना है कि, समर्पण निधि देना कार्यकर्ता का कर्तव्य और दायित्व है। जो लोग टिकट मांगने आ रहे है वे भी कार्यकर्ता हैं। ये पार्टी का काम है, जिसे हर कार्यकर्ता को करना चाहिए। कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के लिए शहर भाजपा को चार करोड़ का लक्ष्य दिया था। इसको कार्यकर्ताओं के सहयोग से प्राप्त किया जा रहा है। इसमें कोई आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है, ये पार्टी का काम है।

Published on:
08 Jun 2022 02:10 pm
Also Read
View All