
ग्वालियर। मी-टू अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर लगे यौन उत्पीडऩ के आरोपों पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता एेलकर ने अजीब दलील दी है। ऐलकर ने गुरुवार को यहां कहा, एमजे अकबर को मैं पूरी तरह से दोषी नहीं मानती हूं। कहीं न कहीं महिला की भी सहमति रही होगी। इसमें दोनों तरफ से गलती रही होगी। राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जन्म जयंती शताब्दी वर्ष के सिलसिले में ग्वालियर आईं ऐलकर ने एक ओर तो अकबर का पक्ष लिया वहीं दूसरी ओर कहा कि महिलाएं अब जागरूक हो गई हैं और वे हर स्तर पर अपनी बात कहने लगी हैं।
मीडिया से चर्चा में ऐलकर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 230 सीटों पर महिला मोर्चा दावा करेगा। उनसे पूछा गया कि भाजपा में महिलाएं सक्रिय हैं, इसके बाद भी महिलाओं को टिकट कम क्यों दिए जाते हैं। इस पर ऐलकर ने कहा कि एेसा नहीं है। इस चुनाव में भाजपा महिला मोर्चा सभी 230 सीटों पर अपना दावा पेश करेगा।
जिन महिलाओं की छवि और पकड़ जनता में अच्छी है, उनको जीतने से कोई नहीं रोक पाएगा। हालांकि, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमारे दावे के बाद पार्टी जो भी निर्णय करेगी वह हमें स्वीकार होगा।
प्रेस कांफ्रेंस महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहातकर से चर्चा के लिए बुलाई गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर बताया गया कि वे नहीं आ पा रही हैं। इसके बाए ऐलकर ने मीडिया से बातचीत की।