
ट्रेन
ग्वालियर . दीपावली के त्योहारी सीजन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। ग्वालियर से साबरमती और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से बांद्रा जाने वाली ट्रेनों में एसी कोच घटाकर स्लीपर कोच बढ़ा दिए हैं, जिसका सीधा फायदा आम यात्रियों को मिल रहा है। इन दोनों ही ट्रेनों में कुल 3 नए स्लीपर कोच जुड़ने से लगभग 240 अतिरिक्त यात्रियों को आसानी से कंफर्म सीट मिलने लगी है, जिससे अभी तक लंबी वेङ्क्षटग से जूझ रहे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। ग्वालियर से अहमदाबाद (साबरमती) चलने वाली ट्रेन में रेलवे ने स्लीपर कोचों की संख्या 5 से बढ़ाकर 7 कर दी है, जबकि थर्ड एसी के कोच 6 से घटाकर 3 कर दिए गए हैं। दो अतिरिक्त स्लीपर कोच जुडऩे से इस ट्रेन में लगभग 160 यात्रियों के लिए सीट की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है। इसी प्रकार वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से बांद्रा जाने वाली ट्रेन में स्लीपर कोचों को 5 से बढ़ाकर 6 किया गया है और थर्ड एसी के कोच 4 से घटाकर 3 कर दिए गए हैं। इस एक अतिरिक्त स्लीपर कोच से लगभग 80 और लोगों को सफर करने की जगह मिल गई है।
दीपावली के लिए तीन फेरे लगाएगी तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए ट्रेन 06073 / 06074 तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-हजरत निजामुद्दीन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस ट्रेन के माध्यम से दक्षिण भारत, मध्य भारत और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। ट्रेन का ठहराव उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है। ट्रेन 06073 तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से प्रत्येक सोमवार को 2 से 16 नवंबर तक कुल तीन फेरों में संचालित होगी। वापसी में ट्रेन 06074 हजरत निजामुद्दीन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ विशेष ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से प्रत्येक गुरुवार को 5 नवंबर से 19 नवंबर तक कुल तीन फेरों में चलेगी। इस ट्रेन का ग्वालियर में भी ठहराव होगा।
रेलवे कर रहा अन्य ट्रेनों में स्लीपर कोच बढ़ाने पर विचार
लंबे समय से इन रूटों पर दीपावली और अन्य त्योहारों के चलते लंबी वेङ्क्षटग चल रही थी, लेकिन एसी कम कर स्लीपर कोच बढ़ाए जाने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। सूत्रों के अनुसार यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दीपावली तक ट्रेनों में और भी स्लीपर कोच जोडऩे की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही जरूरत पडऩे पर कुछ स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं, जिससे आगामी छुट्टियों में घर जाने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Updated on:
25 Oct 2026, 5:50 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.