ग्वालियर

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के श्रद्धा सुमन चढ़ाने से प्रतिमा हुई थी दूषित : युवा शक्ति मोर्चा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के श्रद्धा सुमन चढ़ाने से प्रतिमा हुई थी दूषित : युवा शक्ति मोर्चा
2 min read
• •
Updated: 10 Oct 2018, 2:02 PM IST
Amit shah
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के श्रद्धा सुमन चढ़ाने से प्रतिमा हुई थी दूषित : युवा शक्ति मोर्चा

ग्वालियर। चंबल संभाग के शिवपुरी जिले में सर्वजन युवा शक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तात्याटोपे की समाधि स्थल पर जाकर उनकी प्रतिमा को गंगाजल से स्नान कराया। इनका कहना था कि अमित शाह के श्रद्धा सुमन चढ़ाने से प्रतिमा दूषित हो गई थी। इससे पहले सर्वजन युवा शक्ति मोर्चा के युवाओं ने एससीएसटी एक्ट के विरोध में अमित शाह को काले झंडे दिखाने के लिए हवाई पट्टी पहुंचे। लेकिन पुलिस ने शाह और सीएम शिवराज सिंह चौहान के आने से पहले ही कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

छूटने के बाद कार्यकर्ताओं ने तात्या टोपे की प्रतिमा से मालाएं उतारीं और पानी से साफ किया। कार्यकर्ता बोले, शाह के माल्यार्पण से प्रतिमा अशुद्ध हो गई थी। इसलिए पानी से शुद्ध किया है। इससे पहले अमित शाह ने शिवपुरी में कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की नैया राजा-महाराजा और उद्योगपति के सहारे है। प्रदेश में जब कांग्रेस के श्रीमान बंटाढार की सरकार थी, तब प्रदेश का बजट 20 हजार करोड़ रुपए था। इसे भाजपा की सरकार ने 13 साल में 2 लाख करोड़ का कर दिया। यह कहना है भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का।

वे मंगलवार को पोलोग्राउंड पर आयोजित कार्यकर्ताओं के पालक संयोजक बूथ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत ऐसी हो कि दुश्मनों के दिल की धडक़न बढ़ जाए। शाह बोले- आगामी समय में राहुल बाबा को दूरबीन से भी देश में कांग्रेस नहीं दिख पाएगी। शाह ने प्रदेश और केंद्र की योजनाओं की भी तारीफ की। शाह ने कहा, यह शहीद तात्याटोपे की बलिदानस्थली और राजमाता सिंधिया की कार्यस्थली है।

राजमाता का जन्म शताब्दी वर्ष तब सार्थक होगा, जब प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनेगी। शाह ग्वालियर में छत्री स्थित राजमाता की समाधि पर भी गए। हालांकि वहां राजमाता की तस्वीर कहीं नहीं नजर आई। कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की इतनी योजनाएं हैं कि आप लोग उपलब्धियों के अस्त्र-शस्त्र लेकर चुनाव मैदान में उतर जाओ, सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब शिवपुरी सहित ग्वालियर-चंबल संभाग में डकैतों के गिरोह हुआ करते थे, आज यहां लोगों को किसी का डर नहीं है।

Published on: