पहले किया दुष्कर्म और फिर धमकाया....
ग्वालियर। तुम मुझसे दोस्ती कर लो तो फायदे में रहोगी, कोई भी तुमको टोकेगा नहीं और पास होने की भी चिंता नहीं रहेगी, ये कहना था भाजपा से जुड़े एक नर्सिंग छात्र संगठन के नेता भूपेन्द्र गुर्जर का। दिल्ली से नर्सिंग की पढ़ाई करने आई छात्रा से भाजपा के इस नेता ने पूरी रात दुष्कर्म किया और बाद में किसी को कुछ भी न बताने के लिए धमकाया भी। छात्रा ने पुलिस को बताया कि भूपेन्द्र ने मुलाकात के बहाने डीडी मॉल बुलाया और फिर उसे कमरे पर ले गया वहां रात भर दुष्कर्म किया। छात्रा ने अपने पिता के साथ थाने जाकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी है।
भाजपा के कद्दावर नेता से है याराना
कंपू टीआई महेश शर्मा ने बताया छात्रा के पिता दिल्ली में जनरल स्टोर कारोबारी हैं। छात्रा अकेले यहां पढ़ाई करती है। आरोपी भूपेन्द्र पुत्र गिर्राज गुर्जर निवासी इरादतनगर, आगरा नर्सिंग छात्र संगठन का अध्यक्ष बताया गया है। उसने लड़की को पूरी रात कमरे में रखा और दुष्कर्म किया। सुबह के समय उसने लड़की से कहा कि मुंह खोलने से कोई फायदा नहीं है, भाजपा के कई बड़े नेता और उनके बेटे से मेरे याराना है। भूपेन्द्र की बातें सुनकर छात्रा डर गई और वापस दिल्ली चली गई।
दर्ज हुआ दुष्कर्म का केस
आरोपी भूपेन्द्र पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जब निम्बालकर की गोठ में दबिश दी तो पता चला भूपेन्द्र मनाली गया है। उसके पड़ोसियों से पता चला है भूपेन्द्र के घर कई छात्राओं का आना-जाना रहता था। छात्रा के पिता ने कहा भूपेन्द्र ने बेटी की जिदंगी बर्बाद कर दी। बेटी की जान को खतरा हो सकता है। उसे वापस घर ले जाएंगे।
एसएएफ आरक्षक का रिश्तेदार
पुलिस का कहना है आरोपी भूपेन्द्र गुर्जर एसएएफ आरक्षक हरिकेष गुर्जर का रिश्तेदार है। दो तीन दिन से हरिकेष निम्बालकर की गोठ में भूपेन्द्र के कमरे पर ठहरा था। भूपेन्द्र का पता लगाने के लिए उससे भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
बीतें दिनों पहले आया था ये मामला
कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में एक छात्रा की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें बताया गया था कि उनकी लड़की के फोटोस विभिन्न व्हॉट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिए गए हैं। फोटो वायरल होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। लोग परिवार के लोगों से बार-बार पूछ रहे है कि क्या हुआ है। परिवार की समाज में बदनामी भी हो रही है। मामले की जांच में पता चला कि सीहोर निवासी दीपक लोधी (18) ने निजी फोटो विभिन्न व्हॉट्सएप ग्रुप पर डाले गए हैं। साइबर टीम ने दीपक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से मोबाइल फोन और नाबालिग छात्रा का मेमोरी कार्ड बरामद किया है।