
ग्वालियर। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। ऐसे में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखना जरूरी है। आयुर्वेद में मौसमी संक्रमण से बचाव के लिए पाचन शक्ति संतुलित रखने, खानपान में सावधानी बरतने और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
तुलसी, अदरक, काली मिर्च, मुनक्का और दालचीनी को पानी में उबालकर तैयार किया गया गुनगुना काढ़ा सर्दी-जुकाम और गले की खराश में राहत दे सकता है। इसके अलावा रात में सोने से पहले गुनगुने दूध में थोड़ी हल्दी मिलाकर पी सकते हैं।
नाक बंद होने पर सादे पानी की भाप लेने से राहत मिल सकती है। गले में खराश होने पर गुनगुने नमक के पानी से गरारे करना उपयोगी है।
मौसमी संक्रमण के दौरान तला-भुना, भारी और ठंडा भोजन खाने से बचें। खिचड़ी, मूंग दाल का सूप और हल्का सुपाच्य भोजन लें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है।
लक्षणों के अनुसार सितोपलादि चूर्ण, महासुदर्शन काढ़ा, गिलोय घनवटी और त्रिकटु चूर्ण जैसी आयुर्वेदिक औषधियों का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि इनका सेवन योग्य आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह और निर्धारित मात्रा के अनुसार ही करना चाहिए। तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी या कई दिनों तक लक्षण बने रहने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
डॉ. नीलेश शर्मा
आरएमओ, शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, ग्वालियर