
ग्वालियर/दतिया। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) हितेंद्र द्विवेदी के न्यायालय ने एक युवक को फांसी की सजा सुनाई है। मृत्युदंड नंदू उर्फ नंदकिशोर गुप्ता निवासी इंदरगढ़ को सुनाया गया है। आरोपी ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ पड़ोस में रहने वाले एक बालक का फिरौती के लिए अपहरण किया और फिरौती न मिलने पर अप्राकृतिक कृत्य करने के बाद हत्या कर दी। बाद में साक्ष्य छुपाने के लिए शव को बोरे में बंद कर नहर में फेंक दिया। इस मामले की ट्रायल दो माह चली और खास बात यह है कि इलेक्ट्रोनिक एवीडेंस (सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वॉइस रिकॉर्डिंग) के आधार पर फैसला सुनाया गया।
आरोपी पर 85 हजार रुपए का अर्थदंड भी किया गया है। अभियोजन की ओर से पैरवी जिला लोक अभियोजन अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार गर्ग ने की। अपहरण व हत्या की यह वारदात जिले के कस्बा इंदरगढ़ की है। बालक दो मार्च 2018 को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। आरोपी व उसके साथी ने बालक के पिता को फोन कर अपहरण कर लिए जाने की जानकारी दी और एक लाख रुपए फिरौती मांगी। जब आरोपियों को रिपोर्ट हो जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने अपहृत बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद कर नहर में फेंक दिया।
तीन मार्च को पुलिस ने जब बालक के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो बालक आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठ कर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी को अगले दिन कस्बे के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और लाश नहर में फेंकने की जानकारी दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से बालक की चप्पल भी बरामद की गई। आरोपीगण बालक को अबीर-गुलाल दिलाने के बहाने अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर बाजार ले गए थे। प्रकरण में दूसरा आरोपी नाबालिग है, जिसके खिलाफ किशोर बोर्ड में मामला चल रहा है।
दो दिन किया था कैंप
घटना दिनांक से दो दिन तक पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने मय पुलिस बल के गांव में कैंप किया था। इस दौरान उन्होंने रात में घर-घर और दुकान-दुकान जाकर सीसीटीवी कैमरे चैक किए थे। इतना ही नही नाले में जाकर भी खासतौर पर तफ्तीश की थी। इसी का नतीजा है कि इस केस का फैसला जल्द करने में मदद मिली है।