ग्वालियर

फौजी बोला- ऐसे ही हालात रहे तो बनना पड़ेगा ‘पान सिंह’

तीन साल से अपनी जमीन पाने के लिए भटक रहा जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पदस्थ जवान धर्म सिंह........
2 min read
• •
Updated: 10 Jul 2019, 12:54 PM IST
bsf soldier land occupied bu dabang in morena village
फौजी बोला- ऐसे ही हालात रहे तो बनना पड़ेगा 'पान सिंह'

मुरैना. सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात जवान अपनी जमीन पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। पोरसा के कोंथराकलां गांव में उसकी जमीन पर दंबगों ने कब्जा कर लिया है। अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद जब उसे न्याय नहीं मिला तो फौजी ने कहा- ऐसे ही हालात रहे तो मुझे भी पान सिंह तोमर की तरह बागी बनना पड़ेगा।

पोरसा थाना क्षेत्र के कोंथरकलां के मजरा बमूरकापुरा निवासी धर्म सिंह तोमर में थल सेना में जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पदस्थ है। गांव में छोटा भाई साधू हो चुके पिता, माता और पत्नी बच्चों रहते हैं। गांव के कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। खेत पर लगी मुड्ढियों को 17 जून 2019 को उखाड़ दिया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पूरा परिवार दहशत के साये में है।

फौजी न्याय के लिए वह तीन साल से कलेक्टर कार्यालय, तहसील कार्यालय, एसपी ऑफिस और थाना पोरसा के चक्कर काट रहा है। इसके पहले जुलाई 2018 में सीमांकन कराया गया था, लेकिन राजस्व दल ने इसकी रिपोर्ट रिकॉर्ड में नहीं रखी और फौजी को भी नहीं दी। कलेक्टर प्रियंका दास ने भी 28 जून 2019 को आदेश जारी कर तीन जुलाई को सीमांकन कराने के लिए एक दल गठित किया। लेकिन पोरसा थाने से पुलिस बल नहीं मिल पाया और जो टीम गई उसने 20 जरीब दूर सरकारी पट्टों के पास जमीन दिखाई।

सेना मुख्यालय से भी लिखे गए पत्र
इससे पहले फौजी को न्याय दिलाने 11 नवंबर 2016 को एसपी के लिए सेना मेजर ने पत्र लिखा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को यह पत्र भेजा गया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके पहले 20 अगस्त 2016 को तत्कालीन कलेक्टर विनोद कुमार शर्मा के लिए पत्र लिखा गया। छह अगस्त 2016 को भी कलेक्टर, एसपी एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को पत्र लिखा, लेकिन फिर भी सुनवाई नहीं हुई।

फौजी का प्रकरण आया है, सीमांकन के लिए कलेक्टर ने आदेश कर दिए हैं। फौजी का अवकाश खत्म हो गया है इसलिए अब अगली बार आएगा, तब उसके सामने ही सीमांकन होगा। ड्यूटी पर जाने के बाद अवकाश स्वीकृत होने की जानकारी वह दे देगा, उसके बाद सीमांकन का आदेश जारी करेंगे।

काजल दीक्षित, अधीक्षक भू-अभिलेख

ये पान सिंह की कहानी...
पान सिंह तोमर भारतीय सेना में थे। सेना में रहते हुए धावक के रूप में एक पहचान बनाई। 1950 और 1960 के दशक में सात बार के राष्ट्रीय स्टीपलचेज चैम्पियन थे, और 1952 के एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। सेना से समय से पहले सेवानिवृत्त होने के बाद, वह पैतृक गांव लौट आए। दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया था, उनसे बदला लेने के लिए पान सिंह बागी बन गया था।

Published on: