
ग्वालियर। पड़ाव स्थित बस स्टैंड पर बम की खबर से हडक़ंप मच गया। एक बैग से टिक-टिक की आवाज आ रही थी हरे रंग की लाइट जल रही थी। लावारिस बैग देख वहां से गुजरने वाले सभी हैरत में पड़़ गए। पुलिस कंट्रोल रूम को खबर मिली तो तुरंत बम डिस्पोजल दस्ते को मौके पर भेजा गया। सबसे पहले पूरे इलाके को पुलिस ने अपने कब्जे में कर वहां से बसें हटवाईं और इलाका साफ कराया। फिर बीडीएस दस्ता पूरे इंतजाम के साथ बैग तक पहुंचा।
बारीकी से जायजा लेकर बम डिस्पोजल उपकरण की मदद से बम को निष्क्रिय किया। बाद में मालूम चला कि बैग में असली बम नहीं था,बल्कि पुलिस ने खुद डमी बम रखवाकर मॉक ड्रिल कर रही थी ताकि मालूम चल सके कि जरूरत पडऩे पर बीडीएस दस्ता कितना सतर्क है।
एसपी ने टीम का रिस्पांस टाइम परखा
बीडीएस टीम को परखने के लिए एसपी नवनीत भसीन ने बस स्टैंड पर डमी बम रखवाया था। वह देखना चाहते थे कि टीम का रिस्पांस समय कैसा रहता है। इसलिए बीडीएस टीम को भी नहीं बताया गया कि यह मॉक ड्रिल है। इसलिए टीम मौके पर पहुंची तो वह भी दंग रह गई।
7 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
बीडीएस की सात सदस्यीय टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जिसमें प्रभारी संतोष शर्मा,एएसआइ श्रीकृष्ण भदौरिया,प्रधान आरक्षक जितेन्द्र यादव, आरक्षक प्रबल,अखिलेश,धर्मेन्द्र और ब्रजमोहन शामिल थे। एसपी ने टीम की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा भी की।
शहरभर में फैली खबर
बस स्टैड पर बैग में बम रख हुआ है। यह खबर हवा की तरह पूरे शहर में फैल गई। किसी ने वाट्सअप तो किसी ने फेसबुक पर लिखकर पोस्ट कर दिया। इस कारण शहर में कई तरह की चर्चाए शुरू हो गई। बाद में पता चला कि मॉक ड्रिल थी तब लोगों ने राहत की सांस ली।
"विधानसभा चुनाव को देखते हुए डमी बम रखवाकर बीडीएस टीम द्वारा मॉक ड्रिल कराई गई थी। देखना चाहते थे कि जरूरत पडऩे पर टीम किस प्रकार और कितने समय में कार्रवाई को अंजाम देती है।"
नवनीत भसीन,एसपी ग्वालियर