शादी के 10 साल बाद भी बच्चा न होने पर व्यापारी ने गोद ली थी 12 साल की बच्ची..घर लाकर एक दिन बाद ही बच्ची से गंदी हरकत..
ग्वालियर. ग्वालियर में एक व्यापारी के द्वारा अपनी गोद ली हुई बेटी के साथ गंदी हरकत किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सामने आने के बाद व्यापारी और उसका परिवार फरार है जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले ही व्यापारी दंपति बालिका गृह से बच्ची को गोद लेकर अपने घर पहुंचे थे और दूसरे ही दिन व्यापारी ने बच्ची के साथ गंदी हरकत की। घटना के बारे में बच्ची ने बालिका गृह की मैडम को बताया था जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
गोद ली बेटी से गंदी हरकत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनकगंज के गोल पहाड़िया इलाके में रहने वाले एक सराफा व्यापारी की शादी को करीब 10 साल हो चुके थे लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। तमाम प्रयासों के बाद भी जब दंपति को संतान नहीं हुई तो उन्होंने बच्ची को गोद लेने का फैसला लिया। शहर के विनय नगर स्थित बालिका गृह में दंपति ने लड़की को गोद लेने का आवेदन दिया था और 5 अगस्त को एक 12 साल की लड़की को गोद लेने की औपचारिकताएं पूरी कर उसे अपने घर ले गए। लेकिन घर ले जाने के अगले ही दिन बच्ची के साथ जो हुआ वो हैरान कर देने वाला था। बताया जा रहा है कि 6 अगस्त की रात जब बच्ची सो रही थी तो व्यापारी पिता उसके पास पहुंचा और अश्लील हरकत करने लगा। बच्ची ने विरोध किया और आरोपी के पेट में लात मारकर उसके चंगुल से छूटकर कमरे से बाहर निकल आई। पूरी रात बच्ची ने सोफे पर काटी, दो दिन बाद 8 अगस्त को भी आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और बच्ची के विरोध करने पर उसे धमकी देकर चला गया।
बालिका गृह की मैडम को बच्ची ने बताई सच्चाई
11 अगस्त को किसी तरह बच्ची ने हिम्मत जुटाकर और परिवार से छिपकर बालिका गृह की मैडम को फोन किया और उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। जिसके बाद बालिका गृह की अधीक्षिका शीला उसके पास पहुंची और उसे अपने साथ वापस ले आईं। अधीक्षिका के साथ बच्ची ने एसपी के पास पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी जिसके बाद जनकगंज थाने में बच्ची की शिकायत पर व्यापारी दंपति पर मामला दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपी परिवार सहित फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
देखें वीडियो- CMHO ऑफिस में महिला कर्मचारियों में जमकर हुई मारपीट