
सिटी सेंटर में बैंक एग्जीक्यूटिव पर फायरिंग के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
ग्वालियर। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल सिटी सेंटर में शनिवार दोपहर बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैला दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से करीब 100 मीटर दूर सालासर मॉल के पीछे पार्किंग क्षेत्र में निजी बैंक के होम लोन एग्जीक्यूटिव को निशाना बनाकर पांच राउंड फायर किए गए। गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई। हमलावर वारदात के बाद स्कॉर्पियो और बाइक से भाग निकले। पुलिस ने मौके से दो चले हुए खोखे बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
घटना दोपहर उस समय हुई, जब बैंक एग्जीक्यूटिव संदीप गुर्जर सालासर मॉल के पीछे पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल से लगातार गोलियां दाग दीं। संदीप ने खतरा भांपते हुए अचानक छलांग लगाकर खुद को बचाया। गोलियां उनके पास से निकल गईं और वह बाल-बाल बच गए। व्यस्त इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार थाटीपुर निवासी राजकुमार प्रजापति सालासर मॉल के पीछे स्थित भाविका एसोसिएट फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट है। शनिवार दोपहर वह एलआइसी ऑफिस के पास बकाया किस्त वाली एक बाइक को जब्त करने पहुंचा था। बाइक पर एक युवक महिला के साथ सवार था। राजकुमार ने जब बाइक की रिकवरी का प्रयास किया तो युवक ने बाइक किसी दूसरे व्यक्ति से खरीदने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद युवक अपने साथियों के साथ वापस आया और राजकुमार से मारपीट करने लगा। उस समय राजकुमार के साथ मौजूद सतेंद्र गुर्जर ने अपने भाई संदीप गुर्जर को मदद के लिए बुलाया। संदीप निजी बैंक में होम लोन एग्जीक्यूटिव है। वह मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच समझाइश कराकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक इसी दौरान दूसरा पक्ष संदीप से नाराज हो गया। आरोप है कि समझाइश कराने के बाद संदीप को ही निशाना बनाने की योजना बनाई गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के कुछ समय बाद राहुल गुर्जर ने अपने साथी सौरभ गुर्जर, पारस शर्मा उर्फ आदित्य पाराशर और अन्य लोगों को बुलाया। आरोपियों के स्कॉर्पियो और बाइक से मौके पर पहुंचने की बात सामने आई है। उन्होंने संदीप को घेर लिया और गाली-गलौज करने के बाद पिस्टल निकाल ली।
आरोपियों ने संदीप पर लगातार पांच राउंड फायर किए। संदीप ने समय रहते छलांग लगाकर खुद को गोलियों की सीधी जद से हटा लिया। फायरिंग के बाद आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। भीड़ बढ़ती देख आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय सीएसपी रवि भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से दो चले हुए कारतूस के खोखे मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार फुटेज में वारदात से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। स्कॉर्पियो और हमलावरों की पहचान के लिए फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।
Updated on:
27 Sept 2026 06:21 pm
Published on:
27 Sept 2026 06:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
