
ग्वालियर। अटेर थाना क्षेत्र के जैतपुर घाट के निकट चंबल नदी में हो रहे खनन को रोकने के लिए सोमवार और मंगलवार की रात पहुंची वन अमले की टीम पर हथियारबंद माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। टीम ने पुलिस को शिकायत की है जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रेंजर वीरेंद्र पुरोनियां ने शिकायत में बताया कि वे अपने आधा दर्जन सदस्यीय दल के साथ अटेर के जैतपुर घाट के निकट चंबल नदी में रात के समय किए जा रहे अवैध रेत खनन को रोकने के लिए गए थे।
इससे पहले कि टीम उन्हें पकड़ पाती वहां मौजूद एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाते हुए वापिस लौटी टीम ने अटेर पहुंचकर डायल 100 वाहन में तैनात पुलिस कर्मियों को घटना से अवगत कराया तथा बाद में थाना पहुंचकर शिकायत की।
पुलिस पर गुमराह करने का आरोप
वन रेंजर वीरेंद्र पुरोनियां के अनुसार दबिश के लिए वे पुलिस बल को भी साथ ले गए थे। लेकिन पुलिस बल ने वन विभाग की टीम को गुमराह करते हुए दूसरे जहां खनन चल रहा था वहां ले जाने के बजाए दूसरा रास्ता पकड़ा दिया।
जब उसे नदी में रेत के ट्रैक्टर भरते हुए दिखाई दिए तो पुलिस बल बीहड़ में गुम हो गया।
"आरोपियों को नामजद कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल आवेदन के उपरांत प्रकरण को जांच में लिया गया है।"
महिपाल सिंह यादव, एसडीओपी अटेर