Gwalior Road Accident : दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत को लेकर सीएम मोहन यादव ने दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
Gwalior Road Accident :मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दुख व्यक्त किया है। इसी के साथ घोषणा करते उन्होंने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। साथ ही, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए देने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'ग्वालियर के थाटीपुर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजन के साथ हैं। मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। परमपिता परमात्मा से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना है।'
आपको बता दें कि, शीतला माता के दर्शन करके लौट रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों की स्कॉर्पियों और ऑटो की टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना थाठीपुर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले परशुराम चौराहे के पास हुई थी। ऑटो में चालक समेत कुल 9 लोग सवार थे। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से टक्कर इतनी भीषण थी कि, मौके पर ही पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक थाठीपुर, सुरेश नगर और मुरार घासमंडी इलाके के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं। सभी मृतक सुरेश नगर की सरकारी बिल्डिंग में रहते थे।
हादसे के बाद इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गए, पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपे गए तो मृतकों के परिजन और स्थानीय लोगों ने मौके पर ही शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ऑटो और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में पांच लोगों की दर्दनाक मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारी स्कॉर्पियो के मालिक और चालक को फांसी देने की मांग पर अड़े थे। घटना के चलते इलाके में भय और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही से हुआ है। फिलहाल, पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
इधर, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि, दोषियों पर बिना देरी किए कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद दिलवाने का वादा भी किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों से वादा लेने के बाद परिजन और स्थानीय लोग मान गए। इसके बाद चक्काजाम खत्म कर दिया गया और शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। फिलहाल, अब इस मामले में खुद सीएम ने दुख जताते हुए हादसे का शिकार लोगों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।