ग्वालियर

श्वान मारने पर इनाम देकर फंसे सीएमओ, मेनका गांधी ने एसपी को लिखा पत्र-कहा एफआईआर करो

नगर परिषद ने कुत्ते को जिंदा या मुर्दा लाने वाले इनाम देने की थी घोषणा
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2019, 2:21 PM IST
menka gandhi
श्वान मारने पर इनाम देकर फंसे सीएमओ, मेनका गांधी ने एसपी को लिखा पत्र-कहा एफआईआर करो

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में एक पागल कुत्ते ( श्वान) ने इलाके के 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया है। श्वान के इस आतंक से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और बाद में श्वान को मारने के लिए ईनाम भी घोषित किया। इसके बाद श्वान को मार दिया गया। लेकिन पागल श्वान को मारने वाले सफाई कर्मियों को 1100 रुपए का इनाम देने वाले नगर परिषद सीएमओ पर अब एफआइआर हो सकती है। श्वान को मारने को पशु क्रूरता मानते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद मेनका गांधी के एनजीओ पीपुल फॉर एनीमल्स की मप्र शाखा प्रेसीडेंट स्वाति गौरव ने श्योपुर पुलिस को आवेदन भेजकर कार्रवाई की मांग की है, साथ ही श्योपुर एसपी नगेंद्र सिंह से मामले की जानकारी भी मांगी है।

विजयपुर में पिछले दिनों पागल श्वान ने हमला कर सोमवार को दो दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। नगरपरिषद विजयपुर के सीएमओ अजीज खान ने श्वान को मारने वाले को इनाम देने की घोषणा की। मंगलवार को नगरपरिषद के सफाईकर्मियों ने पागल श्वान को लाठी-डंडों से मार दिया।

सीएमओ ने सफाईकर्मियों की टीम को 1100 रुपए का नकद इनाम दिया। इस मामले को पशु क्रूरता और पशुओं के प्रति अपराध को बढ़ावा देने वाला मानते हुए संगठन पीपुल फॉर एनीमल्स की मप्र शाखा की प्रेसीडेंट स्वाति गौरव ने बुधवार को श्योपुर एसपी को फोन पर मौखिक शिकायत कर आवेदन मेल किया है। स्वाति ने मामले की जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को भी दी।

पीएफए मध्यप्रदेश शाखा प्रेसीडेंट स्वाति गौरव ने बताया कि सीएमओ का कृत्य पशुओं के प्रति अपराध को बढ़ावा देने वाला है। ये पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 428 और 429 के तहत अपराध है। श्योपुर पुलिस को आवेदन मेल कर दिया है। एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।पुलिस अधीक्षक नगेंद्र सिंह ने बताया कि पीपुल फॉर एनीमल्स संगठन की ओर से आवेदन आया है, जिसके आधार पर मामले की जांच करा रहे हैं। जांच के आधार पर सीएमओ नगरपरिषद विजयपुर पर कार्यवाही की जाएगी।

जिंदा या मुर्दा का लाने पर रखा इनाम
सोमवार को नगर परिषद ने कुत्ते को जिंदा या मुर्दा लाने वाले को 500 रुपए इनाम की घोषणा की, जिसे मंगलवार को बढ़ाकर 1100 रुपए किया गया। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे कुत्ते को मार दिया। तब जाकर नगर के लोगों का डर दूर हुआ। इससे पहले नगर परिषद ने कुत्ते को जिंदा या मुर्दा लाने वाले को 1100 रुपए का इनाम घोषित करना पड़ा। साथ ही 30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारी कुत्ते को मार पाए।

Published on: