ग्वालियर

थाने में 10 घंटे चला बैंक मैनेजर और प्रेमिका का ड्रामा,पुलिस के सामने रखी ये शर्त

थाने में 10 घंटे चला बैंक मैनेजर और प्रेमिका का ड्रामा,पुलिस के सामने रखी ये शर्त
2 min read
• •
Updated: 17 Apr 2018, 2:56 PM IST
couple fighting

ग्वालियर। प्रेमिका से शादी का वादा कर बैंक मैनेजर दो साल तक उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहा। अब चुपचाप बिहार बारात ले जाने की तैयारी में था,लेकिन शादी से ४८ घंटे पहले प्रेमिका मुंबई से मां के साथ उसके घर पहुंच गई और दो टूक पूछा,मेरे साथ शादी करोगे या जेल जाओगे। प्रेमिका की धमकी को प्रेमी और उसके परिवार वालों ने तवज्जो नहीं दी तो वह जनकगंज थाने पहुंचकर पुलिस से बोली,धोखेबाज प्रेमी पर एफआइआर करो। १० घंटे तक थाने में पुलिस ने दोनों की दलील सुनी,फिर तय हुआ कि बारात बिहार नहीं जाएगी। प्रेमी-प्रेमिका मंगलवार को सात फेरे लेंगे।

पुलिस ने बताया कि चावड़ी बाजार निवासी योगेश जायसवाल के बेटे अनिकेत की शादी थी। वह पुणे,महाराष्ट्र में यूनियन बैंक में ब्रांच मैनेजर है। सोमवार को सुबह उसकी बारात जानी थी,लेकिन निकासी से कुछ देर पहले मुंबई निवासी दीप्ति ने मां के साथ आकर उसका दरवाजा खटका दिया। उसका कहना था अनिकेत के साथ दो साल तक पत्नी की तरह रही है। अनिकेत उससे कह कर आया था कि छुट्टी पर घर जा रहा है। अगले साल मई में उससे शादी करेगा।

उसके परिजन को भी दोनों के रिश्तों के बारे में जानकारी है। फिर भी उसकी शादी बिहार में तय की। एसआइ रचना खत्री ने बताया कि दीप्ती सुबह ७ बजे थाने आ गई। अनिकेत को बुलाया तो ४ घंटे तक वह पुलिस को टरकाता रहा। उसे तल्ख लहजे में समझाया तब थाने आया। करीब १० घंटे तक दोनों की काउंसलिंग कराई।

अनिकेत के परिजन ने उसे समझाया कि पटना में भी बारात का इंतजार है, उस परिवार को हम क्या जवाब देंगे। लेकिन दीप्ती ने कहा,अनिकेत धोखा देकर शादी नहीं कर सकता। बारात पटना गई तो वह एफआइआर कराएगी। रात करीब ८ बजे तय हुआ कि अनिकेत की बारात बिहार नहीं जाएगी। प्रेमी जोड़ा मंगलवार को शादी करेगा।

बैंक में नौकरी के दौरान दोस्ती
दीप्ती ने पुलिस को बताया कि वह मल्टी नेशनल कंपनी में १८ लाख रुपए सालाना पैकेज पर पदस्थ है। बैंक में नौकरी के दौरान अनिकेत से दोस्ती हुई थी। दोनों ने शादी करने का फैसला किया था।। करीब दो महीने से अनिकेत उससे दूरी बनाने की कोशिश में था। इसलिए उसे शक हुआ। कुछ दिन पहले उसे पता चला कि वह चुपचाप शादी करने जा रहा है।

विधायक, मंत्री के नाम गिनाए
दीप्ती की बातों को अनिकेत के परिजन ने झूठी मानकर खारिज करने की कोशिश की। प्रेशर बनाने के लिए थाने में मंत्री, विधायक और तमाम रसूखदारों के नाम गिनाए, लेकिन सारी मशक्कत बेकार गई।

"प्रेमी जोड़े ने करीब १० घंटे की काउंसलिंग के बाद पुलिस को लिखित में बयान दिया है कि दोनों शादी करने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को विवाह करेंगे, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।"
संजीव नयन शर्माटीआइ जनकगंज

Published on: