पहली पत्नी से विवाद के कारण करीब एक साल पहले आर्मी जवान ने की थी दूसरी शादी । पहली पत्नी से कोर्ट में चल रहा तलाक का केस, पहली पत्नी के पिता व भाई ने रची घिनौनी साजिश।
ग्वालियर. ग्वालियर में एक फौजी की पत्नी को सोशल मीडिया पर बदनाम किए जाने का मामला सामने आया है। फौजी की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए उसे बदनाम करने और धमकाने का आरोप पति की पहली पत्नी के पिता व भाई पर लगाया है। आरोप है कि पहली पत्नी के पिता व भाई फौजी की दूसरी पत्नी के फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
बेटी की सौतन को बदनाम करने की साजिश
मुरैना अंबाह की रहने वाली 25 साल की महिला ने पुलिस ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि उसकी शादी करीब एक साल पहले आर्मी जवान के साथ हुई थी। पहले पति की एक शादी और हो चुकी थी लेकिन किसी कारण से पहली पत्नी व पति के बीच विवाद हो गया और उनके तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। महिला ने बताया कि शादी के बाद से वो अपने ससुराल में रह रही है और पति अलग अलग राज्यों में ड्यूटी पर रहते हैं। जब कोर्ट केस की सुनवाई होती है तो पति व उनकी पहली पत्नी दोनों सुनवाई के लिए आते जाते हैं। लेकिन बीते कुछ समय से पति की पहली पत्नी के पिता व भाई उसे धमका रहे हैं। धमकी देते हैं कि रास्ते से हट जाए वरना उसकी जान ले लेंगे। इतना ही नहीं जब वो धमकियों से नहीं डरी तो उसकी तस्वीरें एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम कर रहे हैं।
अश्लील मैसेज भेजकर कर रहे परेशान
पीड़िता के मुताबिक धमकाने और फोटो वायरल करने के बाद भी जब वो नहीं डरी तो आरोपी उसे अलग अलग मोबाइल नंबरों से अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहे हैं। अब जब बात उसकी बर्दाश्त से बाहर हो गई तो उसने पूरी बात अपने पति को बताई और फिर पति के साथ पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। बताया गया है कि आरोपी पिता-पुत्र को लगता है कि दूसरी पत्नी के कारण ही उनकी बेटी की शादीशुदा जिंदगी तबाह हुई है।
देखें वीडियो- मप्र में मंत्रिमंडल विस्तार, 3 नए मंत्री बने