ग्वालियर

पहले ही धन बाजार में जमकर वर्षा धन,खबर पढ़कर आप भी पहुंच जाएंगे खरीदारी करने

दिवाली के त्योहार के पहले ही दिन बाजार में जमकर धन बरसा। धनतेरस के महामुहूर्त पर शहरवासियों ने जमकर खरीदारी की।
2 min read
• •
Updated: 18 Oct 2017, 11:02 AM IST
celebration festival
diwali 2017 celebration

ग्वालियर। दिवाली के त्योहार के पहले ही दिन बाजार में जमकर धन बरसा। धनतेरस के महामुहूर्त पर मंगलवार को शहरवासियों ने जमकर खरीदारी की। इसके चलते हर सेक्टर में धनवर्षा हुई। महाराज बाड़ा और सराफा बाजार में सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहकों का मेला लगा रहा। रात 8.30 बजे के बाद सराफा बाजार में उमड़ी भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे सभी लोग एक साथ खरीदारी करने के लिए यहां आ गए हों। पुष्य नक्षत्र के बाद धनतेरस पर हुई जोरदार बिक्री से कारोबारियों के चेहरे खिल गए। मंगलवार को सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक एवं ऑटोमोबाइल और कपड़ा बाजार आदि सेक्टरों में जमकर खरीदारी हुई है। बाजारों में खरीदारी का ये दौर देर रात 2 बजे के बाद तक जारी रहा।

5 किलो सोना और 80 किलो चांदी बिकी
सोना-चांदी व्यापारियों के मुताबिक धनतेरस पर 5 किलो सोना और 8० किलो चांदी की बिक्री हुई। सराफा बाजार मेंं सोने-चांदी के सिक्कों के साथ-साथ ज्वेलरी की भी खूब बिकी। शगुन के लिए चांदी के लक्ष्मी और गणेश वाले पांच से दस ग्राम तक के सिक्कों की मांग रही। सरकार की ओर से हाल ही में जारी किए गए नए आदेश सोने की खरीद पर दो लाख रुपए तक पेनकार्ड की अनिवार्यता खत्म करना सराफा कारोबारियों के लिए फायदेमंद साबित हुआ। कारोबारियों ने बताया कि धनतेरस पर इससे बिक्री में बढ़ोतरी हुई है।

इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल और कपड़ा बाजार में धूम
धनतेरस पर शहर के प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल और गारमेंट के शोरूम में भी खरीदारी हुई। लोगों ने कंपनियों के त्योहारी ऑफर और स्कीम्स का लाभ उठाया। टू-व्हीलर, फोर व्हीलर, एलईडी, लेपटॉप, मोबाइल, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर की जमकर बिक्री हुई।

कम वजन के बर्तन की ज्यादा बिक्री
इस साल स्टील, तांबा, पीतल और एलमुनियम के बर्तनों पर अलग-अलग दर से जीएसटी लगने के कारण आमजन ने कम वजन के बर्तनों की अधिक खरीदारी की। इसके साथ ही कलर कोटिंग के मीनाकारी वाले बर्तनों की विशेष पूछ-परख रही। ये बर्तन इस साल ही बाजार में बिकने के लिए आए थे।

"धनतेरस पर जैसा कारोबार होने की उम्मीद थी लगभग वैसा ही हुआ है। शहर के तीनों सराफा बाजार में अच्छी खरीदारी हुई है। धनतेरस पर बाजार को अच्छा प्रतिसाद प्राप्त हुआ है।"
जवाहर जैन, अध्यक्ष, सोना एवं चांदी व्यवसायी संघ उपनगर ग्वालियर

"धनतेरस पर लोगों ने कम वजन के बर्तनों की खरीदारी की है। सबसे अधिक स्टील और पीतल के बर्तन खरीदे गए।"
विनोद गिडवानी, बर्तन व्यापारी

Published on: