ग्वालियर

ग्वालियर …जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा में फिर नजर आई गड़बड़ी, भारत बोध की जगह छप गया फाउंडेशन कोर्स का प्रश्नपत्र

9 और 12 जून की बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम वर्ष की वीएसी परीक्षा में हुई त्रुटि, विश्वविद्यालय ने जारी किए संशोधित निर्देश

less than 1 minute read
ग्वालियर ...जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा में फिर नजर आई गड़बड़ी, भारत बोध की जगह छप गया फाउंडेशन कोर्स का प्रश्नपत्र
ग्वालियर ...जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा में फिर नजर आई गड़बड़ी, भारत बोध की जगह छप गया फाउंडेशन कोर्स का प्रश्नपत्र

ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए प्रथम वर्ष की वैल्यू एडेड कोर्स (वीएसी) परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में विषय संबंधी त्रुटि सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को आनन-फानन में संशोधित आदेश जारी करने पड़े हैं।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा जारी गोपनीय पत्र के अनुसार, 9 जून को दोपहर पाली में आयोजित प्रथम वर्ष की वीएसी परीक्षा के प्रश्नपत्र में ‘भारत बोध’ विषय के स्थान पर ‘फाउंडेशन कोर्स-1’ मुद्रित हो गया। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को केवल ‘भारत बोध’ विषय के निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर ही परीक्षा देनी होगी और उसी के अनुसार उत्तर लिखने होंगे।

परीक्षा केंद्राध्यक्षों को निर्देश जारी
इसी प्रकार 12 जून को दोपहर पाली में आयोजित होने वाली बीए प्रथम वर्ष की वीएसी परीक्षा के प्रश्नपत्र में भी "फाउंडेशन कोर्स-2" मुद्रित हो गया है, जबकि वास्तविक परीक्षा ‘भारत बोध-वैल्यू एडेड कोर्स’ की ही आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस त्रुटि को सुधारते हुए सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और परीक्षा केंद्राध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि वे परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को सही विषय की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न
हालांकि, परीक्षा से ठीक पहले सामने आई इस तरह की लापरवाही ने विश्वविद्यालय की गोपनीय शाखा और परीक्षा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि बार-बार होने वाली ऐसी त्रुटियों से परीक्षार्थियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है और उनकी तैयारी भी प्रभावित होती है।

Updated on:
10 Jun 2026 06:10 pm
Published on:
10 Jun 2026 06:07 pm