
ग्वालियर . रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के मोर्चे पर चल रही बड़ी लापरवाही आखिरकार खत्म हो गई है। स्टेशन पर हर महीने लाखों रुपए के पार्सल बुक होते हैं, लेकिन लंबे समय से यहां सामान की जांच के लिए कोई स्कैनर ही नहीं था। इस गंभीर सुरक्षा चूक को दूर करते हुए अब रेलवे प्रशासन ने खुद पहल कर स्टेशन पर आधुनिक पार्सल स्कैनर स्थापित कर दिया है। इस नई व्यवस्था के शुरू होने से अब पार्सल में बुक होने वाले हर सामान और यात्रियों के लगेज की पुख्ता जांच हो सकेगी।
पहले बंद हो चुका था निजी कंपनी का स्कैनर
जानकारी के मुताबिक कुछ साल पहले रेलवे स्टेशन पर एक निजी कंपनी के जरिए स्कैनर लगवाया गया था। लेकिन यात्रियों और बुकिंग काउंटर की तरफ से उचित रुचि न दिखाए जाने और उचित रखरखाव के अभाव में वह स्कैनर जल्द ही बंद हो गया था। तब से लेकर अब तक बिना किसी सुरक्षा जांच के ही पार्सल बुक किए जा रहे थे, जिससे रेलवे सुरक्षा पर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे।
रेलवे ने खुद संभाली कमान, अब होगी फुल प्रूफ चेकिंग
पिछली बार निजी एजेंसी के फेल होने के बाद इस बार रेलवे ने खुद अपने स्तर पर इस हाई-टेक स्कैनर को लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि इसके शुरू होने से पार्सल के जरिए किसी भी तरह के अवैध, ज्वलनशील या खतरनाक सामान की ढुलाई पर पूरी तरह रोक लगेगी और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी।
जांच आसानी से होगी
पार्सल कार्यालय में पिछले काफी समय से स्कैनर की जरूरत महसूस हो रही थी। इसी को देखते हुए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर स्कैनर लगाया गया है। जिससे पार्सल में आने वाले सामान की जांच आसानी से हो सकेगी।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ झांसी मंडल