
ग्वालियर। आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए करदाताओं के पास अब केवल 21 दिन का समय और शेष रह गया है। यानी 31 जुलाई तक रिटर्न दाखिल नहीं किया तो इस बार करदाता को 5 हजार रुपए की पेनल्टी जमा करने पड़ेगी। आयकर विभाग ने रिटर्न दाखिल करने के लिए कानून में बदलाव किया है। इसके अंतर्गत अब ऐसे करदाता जिसे ऑडिट कराना जरूरी नहीं है और ना ही वह कंपनी करदाता है
उन्हें (यानी सामान्य करदाता) को वर्ष 2017-18 का आयकर रिटर्न 31 जुलाई तक जमा करना आवश्यक है। ग्वालियर रीजन में करीब ढ़ाई लाख करदाताओं को ये रिटर्न जमा करना है। नए प्रावधान के मुताबिक साल 2017-18 का रिटर्न किसी भी हाल में 31 मार्च 2019 के बाद जमा नहीं होगा।
10 हजार की पेनल्टी
31 जुलाई के बाद पांच लाख रुपए से अधिक सालाना आय वालों पर पांच हजार रुपए की पेनल्टी लगेगी। इसके बाद भी यदि करदाता ने 31 दिसंबर तक रिटर्न दाखिल नहीं किया तो यह पेनल्टी दस हजार रुपए हो जाएगी। वहीं पांच लाख से कम आय वालों के लिए पेनल्टी हर दशा में एक हजार रुपए होगी।
आयकर विभाग भेज रहा संदेश
आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए करदाताओं को जागरूक करने का काम आयकर विभाग भी कर रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से करदाता के मोबाइल पर संदेश के साथ-साथ इ-मेल भी भेजकर समय पर रिटर्न दाखिल करने के लिए कहा जा रहा है।
"इस बार आयकरदाता यदि 31 जुलाई तक आयकर रिटर्न दाखिल नहीं कर पाए तो उन्हें पांच हजार रुपए की पेनल्टी देनी ही पड़ेगी। समझदारी इसी में है कि समय रहते आयकर रिटर्न तुरंत साबित करें।"
सुधीर सुरेका, सीए