
ग्वालियर। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जिला चिकित्सालय मुरार निरीक्षण के लिए पहुंचीं लेकिन उन्होंने सिर्फ वहां वही व्यवस्थाएं देखीं जो अधिकारियों ने दिखाईं। जहां मरीज परेशान हो रहे थे वहां अधिकारी उन्हें नहीं ले गए। अधिकारियों ने राज्यपाल को एसएनसीयू, ओपीडी, डायलिसिस कक्ष और प्रसूति गृह का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने सिविल सर्जन से मरीजों की केस हिस्ट्री के बारे में पूछा तो वे तुरंत नहीं बता पाए,इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज के पलंग पर ही बीमारी की केस हिस्ट्री का ब्यौरा होना चाहिए। इसके बाद वे स्कूल भ्रमण पर निकल गईं। हॉस्पिटल के मेडिसिन वार्ड में उनको नहीं ले जाया गया, जहां मरीजों के लिए बिस्तर तक नहीं थे। महिला और पुरुष वार्ड में क्रमश: १२ और १३ बेड थे, बाकी के मरीज लॉबी में जमीन पर पड़े थे।
अपने रूम में रहें तैनात
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल को देखने की होड़ रही। कलेक्टर, एसपी स्टाफ से अपने रूम में टेबल पर तैनात रहने की कहते रहे किसी पर कोई असर नहीं हुआ। हालांकि, कलेक्टर के इस निर्देश का ज्यादा असर नहीं आया। इधर राज्यपाल ने एसएनसीयू वार्ड में छोटी बच्ची सपना सहित अन्य बच्चों के अभिभावकों से उसका हाल चाल पूछा।
दांत दिखाने आए मरीज का फेंका पर्चा
ओमवीर सिंह निवासी कुंवर पुरा दांत दिखाने आए थे ३०२ कमरे में डॉक्टर को पर्चा दिखाया तो उन्होंने फेंक दिया। जव वह राज्यपाल से शिकायत करने की जिद पर अड़ गया तो ओपीडी के सामने लॉबी में डॉक्टर अमित रघुवंशी ने समझाने की कोशिश की और मरीज का दांत दिखवाने ले गए पर राज्यपाल के जाने पर दूसरे डॉक्टर्स ने फिर से अनसुना कर दिया।
5-5 गांव लें गोद, जरूरतमंदों की करें मदद
लोगों को यह समझाएं कि सरकार द्वारा टीबी का इलाज मुफ्त किया जाता है,१८ साल से कम उम्र के बच्चों पर विशेष फोकस करें। हम सब थोड़ी सी धनराशि खर्च कर जरूरतमंदों को पौष्टिक आहार उपलब्ध करा सकते हैं। विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव, रजिस्ट्रार इस पहल की अगुआई करें। सरकारी व निजी यूनिवर्सिटी 5-5 गांव गोद लें। गांव जाकर देखें गर्भवती माताओं को दी जाने वाली १६ हजार रुपए की राशि का उपयोग पौष्टिक आहार में ही हो।
इसमें सफल रहे तो कुपोषित बच्चे पैदा ही नहीं होंगे। यह सीख राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों के कुलपति, रेडक्रॉस और टीबी एसोसिएशन की बैठक में दी। उन्होंने कहा काउंसिलिंग करके कुपोषण और टीबी के प्रति जनजागरुता पैदा करें। गांवों में काउंसिलिंग करके कुपोषण और टीबी के प्रति जनजागरुता पैदा करें। राज्यपाल ने बताया कि गांव में महिलाएं कम पढ़ी लिखी होती हैं, उन्हें अपने स्वास्थ्य के रख रखाव के बारे में जानकारी नहीं होती है। इस कारण वे कई गंभीर बीमारियों की शिकार हो जाती हैं।
इसी कारण प्रत्येक वर्ष कई महिलाएं डिलीवरी के दौरान दम तोड़ देती हैं। इसलिए गांव में शासन की योजनाओं का प्रचार कर सभी को लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।बैठक में जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राव, एमिटी विश्वविद्यालय के कुलपति ले. जनरल वीके शर्मा, रजिस्ट्रार राजेश जैन, कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा, निगमायुक्त विनोद शर्मा, एसपी नवनीत भसीन,अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, रेडक्रॉस के सचिव डॉ.आरपी शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
यह भी बोलीं राज्यपाल
-योग दिवस पर छात्र और शिक्षकों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो।
-रेडक्रॉस ने 20 टीबी ग्रसित बच्चों को गोद लिया है, इस तरह के कामों को समाज के सामने लाएं, जिससे दान देने वाले आगे आएं।
बैठक में गिनाईं केन्द्र की उपलब्धियां
राज्यपाल ने हितग्राहियों से संवाद के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा संचालित योजनाओं की बजाय केन्द्र की योजनाओं पर फोकस रखा। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन के कामों में योगदान दें। बैठक में कलेक्टर अशोक वर्मा, निगमायुक्त विनोद शर्मा व जिपं सीईओ शिवम वर्मा मौजूद थे।
नहीं हुआ कुलपतियों का प्रजेंटेशन
जेयू में नगर निगम और जिला प्रशासन की बैठक के कारण राज्यपाल विवि के कुलपतियों का प्रजेंटेशन नहीं देख सकीं। जिला प्रशासन ने उनको १२ बजे का समय दिया, लेकिन बैठक दो बजे तक चली। प्रजेंटेशन जेयू के टंडन सभागार में रखा गया था।