कपड़े खरीद रहे युवक को चोर बताकर क्राइम ब्रांच ने पकड़ा, पैसे मांगे तो दुकानदार पर तानी पिस्टल
मुरैना। रेडीमेड वस्त्रों की दुकान पर कपड़े खरीदने आए एक युवक को क्राइम ब्रांच की टीम ने चोर बताकर पकड़ा जब दुकानदार ने युवक द्वारा खरीदे गए कपड़ों के पैसे मांगे तो क्राइम ब्रांच के एक आरक्षक ने दुकानदार को हड़काया और उस पर पिस्टल तान दी। शनिवार को हुई इस घटना की शिकायत के बाद एक आरक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।
कलेक्ट्रेट के बगल में संचालित शुभम गारमेंट्स नामक दुकान पर दोपहर लगभग तीन बजे एक युवक अण्डरवियर और बनियान पहने हुए आया। उसने दुकान से एक टी-शर्ट और एक लोअर खरीदा। दुकानदार ने दोनों कपड़ों के ५०० रुपए मांगे तो युवक ने ३०० रुपए देकर कहा कि उसके पास और पैसे नहीं हैं। दोनों के बीच कुछ और बात होती, इससे पहले ही तीन लोग दुकान पर आए और खुद को क्राइम ब्रांच से बताते हुए युवक को पकड़ लिया। कहा कि वह चोर है। इस पर दुकानदार ने कहा कि यदि वह चोर है तो आप पकड़ ले जाइये, लेकिन पहले उससे कपड़ों के पूरे पैसे दिलवा दो। दुकानदार ने यह भी कहा कि यदि उसके पास पैसे नहीं हैं तो कपड़े उतरवा दीजिए।
यह सुनकर क्राइम ब्रांच के कर्मचारी तैश में आ गए और बोले कि कपड़ों को हाथ भी मत लगाना। यह चोर है, इसे हम साथ ले जा रहे हैं। दुकानदार राहुल ने बताया कि जब उसने पैसे दिलवाने की जिद की तो आरक्षक सतेन्द्र गुर्जर ने उसके गाल पर तमाचा मार दिया और पिस्टल निकालकर उसे हड़काया। कर्मचारी ने कहा कि तू चोर को कपड़े बेच रहा है, इस आरोप में तुझे भी पकड़कर ले जाएंगे।
इस बीच आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और क्राइम ब्रांच के कर्मचारियों को घेर लिया। कुछ ही देर बाद क्राइम ब्रांच के प्रभारी विजय लोधी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए और मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित व्यवसायियों ने नारेबाजी की और फिर शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गए। वहां टीआई अतुल सिंह ने दोनों पक्षों से आवेदन लिया और कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। हालांकि घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच के आरक्षक सतेन्द्र गुर्जर को लाइन अटैच कर दिया है।
'मंत्री को बुलाओ, अब तो तेरहवीं में भी आते हैं
क्राइम ब्रांच के कर्मचारियों द्वारा दुकानदार को तमाचा मारने और पिस्टल दिखाकर हड़काए जाने से आक्रोशित व्यवसायी बाजार बंद कराने की बात कह रहे थे। इस दौरान एक दुकानदार ने कहा कि घटना की जानकारी मंत्री को दो और उन्हें यहां बुलाओ। अब तो वे हाल आ जाएंगे, क्योंकि आजकल तो नेता तेरहवीं में भी जा रहे हैं। हालांकि इसी दौरान मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस की टीम ने व्यवसायियों को समझा-बुझाकर थाने चलने के लिए राजी कर लिया।
घटना के संबंध में सही जानकारी लेने के लिए हमने एएसपी को बोला है। फिलहाल क्राइम ब्रांच के आरक्षक सतेन्द्र गुर्जर को लाइन भेज दिया गया है।
अमित सांघी, पुलिस अधीक्षक