ग्वालियर

गेट खुलने में देरी पर विवाद, पड़ोसी ने कार से मारी टक्कर, गिरते ही बैक गियर डालकर फिर कुचला

अचलेश्वर एन्क्लेव में शुक्रवार देर रात गेट खुलने में देरी को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने कार से सुनेन्द्र धाकड़ (46) को टक्कर मार दी। सुनेन्द्र के सड़क पर गिरने के बाद आरोपी निकेश कुशवाह उर्फ निक्की ने बैक गियर डालकर दोबारा कार उनके ऊपर चढ़ा दी। सुनेन्द्र कार के नीचे फंस गए और गंभीर घायल हो गए। कॉलोनीवासियों ने उन्हें बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सीने और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। बहोड़ापुर पुलिस ने निकेश के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 296(बी) में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
gwalior photo
gwalior achaleshwar enclave car attack neighbor murder attempt

अचलेश्वर एन्क्लेव में आधी रात की वारदात, कार के नीचे फंसा युवक; सीने-कूल्हे में गंभीर चोट, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

ग्वालियर। अचलेश्वर एन्क्लेव कॉलोनी में शुक्रवार देर रात गेट खुलने में हुई मामूली देरी का विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। पीछे से आ रहे पड़ोसी ने पहले कार से हॉर्न बजाने को लेकर विवाद किया और इसके बाद पड़ोसी को गाड़ी से टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कार बैक कर दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दी। पीड़ित कार के नीचे फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। कॉलोनीवासियों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बहोड़ापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

गेट खुलने में हुई देरी, हॉर्न बजाने पर विवाद

पुलिस के अनुसार अचलेश्वर एन्क्लेव निवासी सुनेन्द्र धाकड़ (46) शुक्रवार रात करीब 12:10 बजे ऑफिस से कार से घर लौट रहे थे। कॉलोनी के गेट पर पहुंचे तो गार्ड को गेट खोलने में कुछ समय लग गया। इसी दौरान पीछे से पड़ोसी निकेश कुशवाह उर्फ निक्की (39) कार लेकर पहुंचा और लगातार हॉर्न बजाने लगा।

सुनेन्द्र ने अपनी कार साइड में करते हुए निकेश से पहले निकल जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में गाली-गलौज होने लगी और मामला बढ़ गया।

कार से बाहर निकले तो मारी टक्कर

विवाद बढ़ने पर सुनेन्द्र अपनी कार से बाहर निकले। आरोप है कि इसी दौरान निकेश ने जान से मारने की नीयत से कार आगे बढ़ाकर उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुनेन्द्र सड़क पर गिर गए।

आरोप है कि इसके बाद निकेश ने कार रोकने के बजाय बैक गियर लगाया और दोबारा सुनेन्द्र के ऊपर कार चढ़ा दी। इससे वह कार के नीचे फंस गए। घटना के बाद कॉलोनी में चीख-पुकार मच गई।

कॉलोनीवासियों ने कार के नीचे से निकाला

शोर सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे। सुशील त्रिवेदी, रामशंकर त्यागी, अमित शर्मा, मनोज तोमर और गार्ड ने मिलकर सुनेन्द्र को कार के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार सुनेन्द्र के सीने और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। बहोड़ापुर पुलिस ने निकेश कुशवाह के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 296(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
09 Aug 2026 08:14 pm
Published on:
09 Aug 2026 08:14 pm