
ग्वालियर। नौपता के बाद अब रात की गर्मी लोग को हैरान किए हुए है। पिछले चार पांच दिनों से धीरे-धीरे रात तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को सुबह से हल्के बादलों के चलते गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। दिनभर उमस भरी गर्मी से लोगों का घरों में भी बुरा हाल रहा।
वहीं कूलर-पंखे पूरी तरह से फेल रहे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.2 और न्यूनतम31.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर चौकसे ने बताया कि वातावरण में नमी के बढऩे से रात में गर्मी और उमस का एहसास ज्यादा बढ़ गया है। अगले चौबीस घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान ऐसा ही बना रहेगा।
22 जून तक दस्तक दे सकता है मानसून
शहर में मानसून पिछले कई वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष समय पर आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस बार मानसून २२ जून के आसपास आ सकता है।
श्योपुर में पारा 47 पार पहुंचा
मानसून की आहट से पूर्व गर्मी अपने तैवर दिखा रही है। यही वजह है कि सोमवार को ग्वालियर चंबल संभाग का श्योपुर जिला इस सीजन का न केवल सबसे गर्म दिन रहा बल्कि इस सीजन में पहली बार पारा भी 47 डिग्री को पार कर 47.6 रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही गर्मी का असर दिखा रहा है, क्योंकि रात भी गर्म थी और न्यूनतम तापमान भी 33 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यही वजह रही कि दोपहर में तापमान लगातार बढ़ा और 47.6 डिग्री पर जाकर पारा रुका। हालांकि इस बार नौतपा में भी गर्मी का रूप रौद्र ही रहा, लेकिन उससे पहले भी इस सीजन में सर्वाधिक तापमान 46 .6 डिग्री ही रहा है। लेकिन सोमवार को इस सीजन में पहली बार 47.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
5 साल में मानसून
2013 में 15 जून को
2014 में 7 जुलाई को
2015 में 25 जुलाई को
2015 में 26 जून को
2017 में 29 जून को