ग्वालियर

सावधान! फोन में अचानक सॉफ्टवेयर अपडेट और स्क्रीन ब्लैंक होना साइबर ठगी का संकेत, दो खातों से 80 हजार पार

बिना ओटीपी बताए और बिना कोई संदिग्ध लिंक खोले हुई धोखाधड़ी, मुरार और जनकगंज के दो लोगों के मोबाइल का कंट्रोल लेकर ठगों ने उड़ाई रकम
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 6:13 PM IST
Cyber Crime
PHOTO AI

ग्वालियर। मोबाइल फोन की स्क्रीन अचानक ब्लैंक हो जाए और अपने आप सॉफ्टवेयर अपडेट होने लगे तो इसे सामान्य तकनीकी खराबी समझकर नजरअंदाज न करें। यह साइबर ठगी का संकेत भी हो सकता है। शहर में साइबर ठगों ने मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर दो लोगों के बैंक खातों से कुल 80 हजार रुपये निकाल लिए। खास बात यह है कि दोनों पीड़ितों ने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। मुरार और जनकगंज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आइटी एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रातभर चलता रहा अपडेट, सुबह खाते से 30 हजार गायब

पहली घटना मुरार थाना क्षेत्र में एसएलपी कॉलेज के पास रहने वाले 47 वर्षीय सौरभ दुबे के साथ हुई। 21 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे उनके मोबाइल की स्क्रीन अचानक ब्लैंक हो गई और फोन में अपने आप अपडेट शुरू हो गया। सौरभ ने कई बार मोबाइल री-स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन स्क्रीन पर अपडेट की प्रक्रिया चलती रही। अगले दिन सुबह फोन सामान्य हुआ तो उन्होंने बैंक बैलेंस चेक किया। खाते से रकम गायब देखकर उनके होश उड़ गए।

जांच में सामने आया कि ठगों ने पहले उनके आइडीबीआइ बैंक खाते से 20 हजार रुपये पीएनबी खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद पीएनबी खाते से 30 हजार रुपये रजत प्रताप सिंह नाम के व्यक्ति के खाते में भेज दिए। इसी दौरान खाते के लेनदेन में 22 हजार रुपये की राशि जमा भी हुई। पूरी प्रक्रिया के बाद सौरभ को 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की और पुलिस को सूचना दी।

आधा घंटे तक हैंग रहा मोबाइल, खाते से निकले 50 हजार

दूसरी घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के टोपे वाला मोहल्ले में हुई। यहां रहने वाले 58 वर्षीय ओमप्रकाश प्रजापति का मोबाइल अचानक करीब आधे घंटे तक अपने आप अपडेट होता रहा। इसके बाद फोन बंद होकर दोबारा चालू हुआ। उन्हें संदेह हुआ तो दूसरे मोबाइल से बैंक खाते का बैलेंस चेक किया। पता चला कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 50 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। ओमप्रकाश के मुताबिक, उन्होंने किसी के साथ बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा नहीं किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर रहे ठग

साइबर ठगी के इन मामलों में मोबाइल पर अचानक होने वाली गतिविधियों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। अनजान फाइल या ऐप के माध्यम से ठग मोबाइल तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद वे बैंकिंग गतिविधियों और संवेदनशील जानकारियों का दुरुपयोग कर सकते हैं। इसलिए किसी भी अनजान स्रोत से आई फाइल या ऐप को डाउनलोड करने से बचना जरूरी है।

ठगी से बचने के लिए ये सावधानियां बरतें

  • फोन की स्क्रीन अचानक ब्लैंक हो जाए या अनजान अपडेट शुरू हो तो इंटरनेट कनेक्शन बंद कर दें।
  • संदिग्ध गतिविधि होने पर मोबाइल को फ्लाइट मोड में डालें और जरूरत पड़ने पर सिम निकाल दें।
  • वॉट्सऐप, एसएमएस या अन्य माध्यम से आई अनजान एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
  • किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें।
  • बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन दिखने पर तुरंत बैंक को सूचित करें और 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Updated on:
29 Nov 2026, 6:13 PM IST
Published on: