
photo AI
ग्वालियर। शहर में चोरों की सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं परिवार के धार्मिक आयोजन में गांव जाने का फायदा उठाकर सूने मकान को निशाना बनाया जा रहा है तो कहीं बदमाश रात के अंधेरे में घरों की छतों तक पहुंच रहे हैं। थाटीपुर के गायत्री विहार में चोर एक सूने मकान का ताला तोड़कर 60 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। वहीं हजीरा थाना क्षेत्र के कांच मिल इलाके में पिछले पांच दिनों से चोरी की कोशिशों का सिलसिला जारी है। लगातार संदिग्ध गतिविधियों से परेशान रहवासी अब खुद रातभर जागकर मोहल्ले की पहरेदारी कर रहे हैं।
ग्यारस की पूजा के लिए गांव गया था परिवार, पीछे से टूट गया ताला
थाटीपुर थाना क्षेत्र के गायत्री विहार में रहने वाले अरविंद शर्मा (35) पुत्र जुगल किशोर शर्मा मूल रूप से भितरवार के सहारन निवासी हैं। वह पत्नी रोहिणी के साथ बीएस पिप्पल के मकान में किराए से रहते हैं। 20 नवंबर को दोनों मकान में ताला लगाकर देवउठनी ग्यारस की पूजा के लिए अपने गांव चले गए थे। घर सूना देखकर चोरों ने मौका तलाशा और मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। बदमाशों ने कमरे में रखे बेड के बॉक्स का लॉक तोड़ा और उसमें रखी नकदी व आभूषण चोरी कर लिए।
22 नवंबर की सुबह मकान मालिक ने फोन कर अरविंद को चोरी की सूचना दी। इसके बाद वह पत्नी के साथ घर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर 60 हजार रुपये नकद, सोने के टॉप्स और मोती, चांदी की करधनी, पांच तोड़ियां, चार बिछिया, पांच सिक्के और भगवान कृष्ण के चांदी के आभूषण ले गए हैं। अरविंद की शिकायत पर थाटीपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कांच मिल में पांच दिन से चोरों की आवाजाही, रहवासी कर रहे रतजगा
दूसरी ओर हजीरा थाना क्षेत्र के मोती मिल रोड स्थित कांच मिल इलाके में भी चोरी की घटनाओं और लगातार संदिग्ध गतिविधियों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, पिछले पांच दिनों में बदमाश बंटी आर्य, महेंद्र सिंह तोमर और राणा प्रताप उर्फ सोनू के घरों को निशाना बनाने की कोशिश कर चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण अब लोग रातभर जागकर मोहल्ले में निगरानी कर रहे हैं।
छत पर चढ़े चोर, आहट सुनकर जागे गृहस्वामी
बीती रात भी बदमाश एक युवक के घर की छत पर चढ़ गए थे। इसी दौरान गृहस्वामी को आहट सुनाई दी और उसकी नींद खुल गई। उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। लोगों के एकत्रित होने पर बदमाश भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रहवासियों के साथ मिलकर रातभर इलाके में सर्चिंग की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की कोशिशों से रहवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सुरक्षा के लिए उन्हें रातभर जागकर पहरा देना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर निगरानी रखने और चोरी की कोशिशों में शामिल बदमाशों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 6:07 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 6:04 PM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़




