
ग्वालियर। शेयर बाजार में कम कीमत पर शेयर दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने हरिशंकर पुरम निवासी डॉक्टर से 2.50 लाख रुपए ठग लिए। डॉक्टर ने जब अपनी रकम और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया। ठगों ने रकम वापस करने के बजाय 7.50 लाख रुपए और जमा करने की मांग कर दी। ठगी का अहसास होने पर डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की है। शहर में बीते दिनों साइबर ठगी के दो अन्य मामले भी सामने आए हैं। इनमें एक युवक के क्रेडिट कार्ड से बिना ओटीपी साझा किए 98,500 रुपए निकाल लिए गए, जबकि किराना कारोबारी के मोबाइल को ‘अपडेटिंग मोड’ में डालकर खाते से 25 हजार रुपए उड़ा दिए गए।
वॉट्सऐप लिंक से शेयर बाजार में निवेश का झांसा
झांसी रोड थाना क्षेत्र के ओमशांति अपार्टमेंट, हरिशंकर पुरम निवासी डॉ. शैलेन्द्र कुमार के मोबाइल पर 7 अगस्त को वॉट्सऐप के जरिए ‘हार्दिक डोसी मेन’ नाम से एक लिंक भेजी गई। इसमें बाजार भाव से काफी कम कीमत पर शेयर दिलाने का ऑफर दिया गया था। डॉक्टर झांसे में आ गए और अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर कर दी।
उन्होंने 7 अगस्त को 50 हजार, 9 अगस्त को 50 हजार, 10 अगस्त को 50 हजार और 11 अगस्त को 1 लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों में जमा किए। इस तरह कुल 2.50 लाख रुपए ट्रांसफर हो गए। इसके बाद जब डॉक्टर ने अपनी जमा रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया।
डॉक्टर ने जब संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने कहा कि रकम तभी विड्रॉ हो सकेगी, जब 7.50 लाख रुपए और जमा किए जाएंगे। डॉक्टर ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो जालसाज ने बातचीत बंद कर दी। इसके बाद डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बिना ओटीपी बताए क्रेडिट कार्ड से 98,500 रुपए निकले
पिंटो पार्क निवासी मनीष चौहान के साथ 4 अगस्त की दोपहर ऑनलाइन ठगी हुई। दोपहर 12:43 बजे उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया था। मनीष के मुताबिक उन्होंने यह ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं किया। इसके बावजूद कुछ देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 98,500 रुपए कटने का मैसेज मोबाइल पर आया।
लेन-देन के तुरंत बाद बैंक की ओर से कंफर्मेशन कॉल भी आई। मनीष ने ट्रांजेक्शन से इनकार करते हुए तत्काल अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
मोबाइल ‘अपडेटिंग मोड’ में गया, खाते से निकल गए 25 हजार
सिरोल थाना क्षेत्र के डोंगरपुर निवासी किराना कारोबारी सूरज कुमार के साथ भी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। 17 अगस्त को उनका मोबाइल अचानक करीब डेढ़ घंटे तक ‘अपडेटिंग मोड’ में रहा। फोन सामान्य होने के बाद उन्होंने फोन-पे चेक किया तो केनरा बैंक खाते से 25 हजार रुपए कटने का मैसेज मिला।
सूरज ने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना खाता होल्ड कराया और साइबर सेल को सूचना दी। पुलिस तीनों मामलों में लेन-देन और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाकर जांच कर रही है।